वार्ड 35 के नवनिर्वाचित पार्षद चंदन यादव ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ
कलेक्ट्रेट सभागार में हुआ शपथ ग्रहण समारोह, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने दी शुभकामनाएं
भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई के वार्ड क्रमांक 35 के नवनिर्वाचित पार्षद चंदन यादव ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समारोह के दौरान पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह ने उन्हें विधिवत शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण समारोह में नगर पालिक निगम भिलाई की आयुक्त सुरुचि सिंह, अपर आयुक्त राजेन्द्र कुमार दोहरे, नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा सहित पार्षद महेश वर्मा, संतोष मोर्या, पियुष मिश्रा एवं राजेन्द्र अरोरा उपस्थित रहे।
शपथ ग्रहण के बाद उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं निगम अधिकारियों ने नवनिर्वाचित पार्षद चंदन यादव को शुभकामनाएं एवं बधाई दी। इस अवसर पर पार्षद यादव ने वार्ड क्रमांक 35 के विकास को प्राथमिकता देने की बात कही।
उन्होंने कहा कि वार्डवासियों की मूलभूत सुविधाओं में सुधार, नागरिक समस्याओं का त्वरित निराकरण तथा जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने वार्ड के सर्वांगीण विकास के लिए जनप्रतिनिधियों और निगम प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।
चंदन यादव के शपथ ग्रहण के साथ वार्ड क्रमांक 35 को निर्वाचित जनप्रतिनिधित्व मिलने से वार्डवासियों में भी विकास कार्यों को लेकर उम्मीदें बढ़ी हैं।

