‘ऑपरेशन विश्वास’ के तहत ट्रैफिक पुलिस का जागरूकता अभियान, रिसाली के मैत्री विद्या निकेतन में 600 विद्यार्थियों को पढ़ाया सड़क सुरक्षा का पाठ

 ‘ऑपरेशन विश्वास’ के तहत ट्रैफिक पुलिस का जागरूकता अभियान, रिसाली के मैत्री विद्या निकेतन में 600 विद्यार्थियों को पढ़ाया सड़क सुरक्षा का पाठ

बिना लाइसेंस और बिना हेलमेट स्कूल आने वाले विद्यार्थियों को प्रवेश नहीं देने के निर्देश, अभिभावकों की बैठक आयोजित करने की भी अपील

दुर्ग। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और नाबालिग वाहन चालकों पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से दुर्ग यातायात पुलिस द्वारा संचालित “ऑपरेशन विश्वास” अभियान के तहत लगातार स्कूलों में यातायात जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में 6 अगस्त 2026 को रिसाली स्थित मैत्री विद्या निकेतन स्कूल में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 600 छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का संचालन यातायात जोन प्रभारी सिविक सेंटर निरीक्षक पी.डी. चंद्रा एवं उनकी टीम ने किया। विद्यार्थियों को बताया गया कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने और वैध ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त किए बिना वाहन चलाना कानूनन अपराध है। ऐसा करना न केवल स्वयं के लिए बल्कि अन्य लोगों के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है।

कार्यक्रम के दौरान छात्रों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने तथा यातायात संकेतों का पालन करने की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनकर सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।

नाबालिग वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई जारी

यातायात पुलिस ने विद्यार्थियों को बताया कि नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। यदि कोई अभिभावक अपने नाबालिग बच्चे को वाहन चलाने के लिए वाहन उपलब्ध कराता है तो उसके विरुद्ध भी मोटरयान अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

स्कूल प्रबंधन को दिए महत्वपूर्ण निर्देश

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रबंधन को निर्देशित किया गया कि बिना ड्राइविंग लाइसेंस और बिना हेलमेट दोपहिया वाहन से स्कूल आने वाले विद्यार्थियों को विद्यालय परिसर में प्रवेश न दिया जाए। इसके अलावा ऐसे विद्यार्थियों के अभिभावकों की बैठक आयोजित कर यातायात पुलिस को सूचना देने का भी आग्रह किया गया, ताकि अभिभावकों को उनकी कानूनी जिम्मेदारियों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा सके।

अभिभावकों से विशेष अपील

दुर्ग यातायात पुलिस ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए वाहन उपलब्ध न कराएं और उन्हें यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें। पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी के सहयोग से ही सुरक्षित और अनुशासित यातायात व्यवस्था स्थापित की जा सकती है।