दुर्ग-भिलाई में यातायात पुलिस का बड़ा अभियान: नो पार्किंग में खड़े वाहन उठाए, NH से हटाए भारी वाहन, अतिक्रमण पर चला बुलडोजर

 दुर्ग-भिलाई में यातायात पुलिस का बड़ा अभियान: नो पार्किंग में खड़े वाहन उठाए, NH से हटाए भारी वाहन, अतिक्रमण पर चला बुलडोजर

इंदिरा मार्केट में क्रेन से दोपहिया वाहन जब्त, सर्विस रोड से हटाया अतिक्रमण, गौवंश को सुरक्षित स्थान पहुंचाया गया

दुर्ग-भिलाई। जिले में यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से बुधवार को यातायात पुलिस दुर्ग ने नगर निगम एवं संबंधित थाना पुलिस के संयुक्त सहयोग से विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान नो पार्किंग में खड़े वाहनों पर कार्रवाई, राष्ट्रीय राजमार्ग से अवैध रूप से खड़े भारी वाहनों को हटाने, सर्विस रोड से अतिक्रमण हटाने तथा आवारा गौवंश को सुरक्षित स्थान पहुंचाने जैसी व्यापक कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस ने इंदिरा मार्केट दुर्ग में नो पार्किंग क्षेत्र में खड़े दोपहिया वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए क्रेन की सहायता से वाहनों को उठाकर यातायात जोन दुर्ग पहुंचाया। इसके बाद संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने वाहन चालकों को सार्वजनिक मार्गों और बाजार क्षेत्रों में वाहन खड़ा नहीं करने तथा यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश भी दी।

अभियान के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) पर सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े ट्रक एवं अन्य भारी वाहनों को हटवाया गया। पुलिस ने बताया कि हाईवे पर खड़े भारी वाहन सड़क दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बनते हैं। ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ ई-चालान की कार्रवाई भी की गई।

वहीं डबरापारा एवं हथखोज क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट संचालकों और वाहन मालिकों को मुख्य मार्गों पर वाहन खड़ा नहीं करने तथा निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने के निर्देश दिए गए। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भविष्य में कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

इसके अलावा चंद्रा-मौर्या से सुपेला चौक तक सर्विस रोड पर नगर निगम और संबंधित थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। इस दौरान सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाकर यातायात को सुगम बनाया गया, जिससे आम नागरिकों और वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा मिल सके।

अभियान के दौरान नगर निगम की सहायता से सड़क पर घूम रहे गौवंश को भी सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया, ताकि यातायात बाधित न हो और दुर्घटनाओं की आशंका कम हो सके।

यातायात पुलिस की अपील

यातायात पुलिस दुर्ग ने नागरिकों से अपील की है कि वे नो पार्किंग क्षेत्रों में वाहन खड़ा न करें, मुख्य मार्गों पर अतिक्रमण न करें तथा यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में इस प्रकार का विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।