गुरु पूर्णिमा पर पतंजलि योग समिति का भव्य आयोजन, योग शिक्षकों और समाजसेवियों का हुआ सम्मान
यज्ञ, गुरु वंदना, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सम्मान समारोह के साथ स्वस्थ एवं संस्कारित समाज निर्माण का लिया गया संकल्प
भिलाई। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर पतंजलि योग समिति, जिला दुर्ग द्वारा सिरसा रोड स्थित आर्य नगर, कोहका भिलाई के ‘बीरा जी के आंगन’ में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भिलाई-दुर्ग क्षेत्र के योग शिक्षक, साधक तथा पतंजलि परिवार के पांचों संगठनों—भारत स्वाभिमान, पतंजलि योग समिति, महिला पतंजलि योग समिति, युवा भारत एवं किसान पंचायत—के पदाधिकारी और सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्री शत्रुघ्न साहू, श्री थानेन्द्र साहू एवं श्री राजेश तिवारी द्वारा यज्ञ संपन्न कर किया गया। यज्ञ में सभी के उत्तम स्वास्थ्य, राष्ट्र की सुख-समृद्धि, शांति और विश्व कल्याण की कामना की गई।
इस अवसर पर पतंजलि योग समिति के जिला प्रभारी श्री नरेंद्र पटेल ने श्रद्धेय योगगुरु स्वामी रामदेव जी महाराज एवं आचार्य बालकृष्ण जी महाराज के राष्ट्र निर्माण, योग जागरण, स्वास्थ्य संरक्षण और भारतीय संस्कृति के संरक्षण में दिए जा रहे योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गुरु के बताए मार्ग पर चलकर ही व्यक्ति जीवन में सफलता, संस्कार और आत्मिक उन्नति प्राप्त कर सकता है। उपस्थित सभी साधकों ने तन, मन और धन से समाज एवं राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित रहने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में हर्षिता साहू एवं नवीश साहू ने भजन पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। उनकी प्रस्तुति को उपस्थित सभी लोगों ने सराहा।
योग एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वालों का सम्मान
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर योग एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले योग शिक्षकों एवं सेवाभावी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में श्रीमती विमला राय, श्रीमती कावेरी चौधरी, श्रीमती अनामिका पुरी, श्रीमती यशोदा साहू, श्री रामचंद्र वर्मा, श्री कामराज पटले, श्री संजय टावरी, श्री राम लखन शर्मा, श्री बी.एल. कहार, श्री रामाधार महिलांग, श्री आर.आर. खन्ना, श्री डी.पी. शर्मा एवं श्री प्रभुनाथ पांडे शामिल रहे।
कार्यक्रम के समापन चरण में युवा भारत एवं योगासन स्पोर्ट के राज्य प्रभारी श्री जयंत विष्णु भारती ने प्रेरणादायी भजनों की प्रस्तुति देकर सभी को भावविभोर कर दिया।
सर्व समाज कल्याण समिति के अध्यक्ष इन्द्रजीत सिंह की माताजी श्रीमती कुलवंत कौर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने सभी अतिथियों, योग शिक्षकों एवं साधकों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की सफलता पर शुभकामनाएं दीं और योग को जन-जन तक पहुंचाने के प्रयासों की सराहना की।
अंत में भारत स्वाभिमान न्यास के सह राज्य प्रभारी श्री अनूप बंसल ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए संगठन की आगामी गतिविधियों की जानकारी दी तथा सभी से योग, स्वास्थ्य, सामाजिक सेवा और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जिले के पदाधिकारियों श्री शंभू कुशवाहा, श्री जे.आर. बीसेन, श्री तिजऊ राम साहू, श्रीनिवास राव, श्री उद्धव राम साहू, श्रीमती सुमन भारती, श्रीमती सुधा सोनी सहित भावेश साहू, चौरसिया जी, राजेंद्र वैष्णव, उमेश साहू, मुरलीधर साहू, परस राम साहू, कुलेश्वर निषाद, साधना साहू तथा कान्हा पार्क एवं बीरा जी के आंगन के योग साधकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
गुरु पूर्णिमा के इस पावन अवसर पर सभी उपस्थित लोगों ने गुरु परंपरा के आदर्शों का अनुसरण करते हुए योग को जन-जन तक पहुंचाने, स्वस्थ समाज के निर्माण तथा राष्ट्र सेवा के कार्यों को और अधिक गति देने का सामूहिक संकल्प लिया।

