कुम्हारी में सिंगल यूज प्लास्टिक पर नगर पालिका की बड़ी कार्रवाई: 10 दुकानों पर छापा, ₹5 हजार जुर्माना, प्रतिबंधित सामग्री जब्त
- 10 दुकानों पर नगर पालिका की कार्रवाई
- प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त
- ₹5,000 का जुर्माना वसूला गया
- अभियान सीएमओ नेतराम चंद्राकर के निर्देश पर संचालित
- दोबारा उल्लंघन पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
- नागरिकों से कपड़े और जूट के थैले अपनाने की अपील
कुम्हारी। पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ शहर के लक्ष्य को लेकर नगर पालिका परिषद कुम्हारी ने प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक (SUP) के खिलाफ सख्त अभियान शुरू कर दिया है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) नेतराम चंद्राकर के निर्देश पर सोमवार को शहर के प्रमुख बाजारों एवं व्यावसायिक क्षेत्रों में विशेष जांच एवं जब्ती अभियान चलाया गया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 10 दुकानों पर कार्रवाई करते हुए ₹5,000 का जुर्माना वसूला गया तथा बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री जब्त की गई।
अभियान का नेतृत्व राजस्व निरीक्षक अजीत कुमार ने किया। उनके साथ राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) के जिला समन्वयक गौरव केसरवानी, सहायक राजस्व निरीक्षक संजय आइच, कैलाश देवदास तथा नगर पालिका के राजस्व विभाग की टीम मौजूद रही।
जांच दल ने बाजार क्षेत्र में सघन निरीक्षण करते हुए प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक, पॉलीथीन कैरी बैग और अन्य प्रतिबंधित प्लास्टिक उत्पादों के उपयोग, भंडारण और बिक्री की जांच की। कार्रवाई के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले लगभग 10 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री जब्त की गई और संबंधित दुकानदारों पर कुल ₹5,000 का जुर्माना अधिरोपित कर तत्काल वसूला गया।
सीएमओ ने दी कड़ी चेतावनी
मुख्य नगर पालिका अधिकारी नेतराम चंद्राकर ने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य दोनों के लिए गंभीर खतरा है। शासन के निर्देशानुसार इसके निर्माण, भंडारण, विक्रय और उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लागू है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर पालिका द्वारा यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। यदि कोई व्यापारी या दुकानदार दोबारा प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग या भंडारण करते पाया गया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
नगर पालिका की नागरिकों से अपील
नगर पालिका प्रशासन ने शहर के सभी व्यापारियों, दुकानदारों और नागरिकों से प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का पूरी तरह बहिष्कार करने की अपील की है। प्रशासन ने लोगों से खरीदारी के दौरान कपड़े या जूट के थैलों का उपयोग करने और कुम्हारी को प्लास्टिक मुक्त, स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल शहर बनाने में सक्रिय सहयोग देने का आग्रह किया है।

