बरसते पानी में भी नहीं रुके आयुक्त दशरथ सिंह राजपूत, सुबह-सुबह सड़कों पर उतरकर परखी सफाई व्यवस्था


भिलाई-चरोदा। नगर निगम भिलाई-चरोदा के आयुक्त दशरथ सिंह राजपूत ने बुधवार सुबह लगातार हो रही बारिश के बीच शहर की सफाई एवं जल निकासी व्यवस्था का जमीनी निरीक्षण किया। खराब मौसम के बावजूद आयुक्त स्वयं विभिन्न वार्डों में पहुंचे और सफाई कार्यों की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।
सुबह-सुबह बरसते पानी में निरीक्षण के दौरान आयुक्त राजपूत ने सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति, नालियों की सफाई, जलभराव की स्थिति तथा वर्षा ऋतु के दौरान नागरिक सुविधाओं को लेकर किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि बारिश के मौसम में सफाई व्यवस्था और जल निकासी पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
आयुक्त दशरथ सिंह राजपूत ने स्पष्ट किया कि नगर निगम का उद्देश्य शहरवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुगम वातावरण उपलब्ध कराना है। इसके लिए मैदानी स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलभराव की संभावित जगहों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
नगर निगम प्रशासन की इस सक्रियता को शहरवासियों ने भी सकारात्मक पहल बताया है। बारिश के बीच स्वयं मैदान में उतरकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करना प्रशासन की जिम्मेदारी और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
आयुक्त दशरथ सिंह राजपूत के नेतृत्व में नगर निगम भिलाई-चरोदा द्वारा शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिसका लाभ आम नागरिकों को सीधे तौर पर मिल रहा है।

