दिनदहाड़े बाइक चोरों का आतंक: नौकरी पर गए युवक की स्प्लेंडर प्लस पार, पुरानी भिलाई पुलिस ने दर्ज किया मामला

 दिनदहाड़े बाइक चोरों का आतंक: नौकरी पर गए युवक की स्प्लेंडर प्लस पार, पुरानी भिलाई पुलिस ने दर्ज किया मामला

भिलाई। शहर में दोपहिया वाहन चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र का है, जहां काम पर गए एक युवक की मोटरसाइकिल अज्ञात चोरों ने दिनदहाड़े पार कर दी। घटना के बाद पीड़ित ने काफी तलाश की, लेकिन बाइक का कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सोमनी वार्ड-38 बस्तीपारा निवासी डीलेश्वर वर्मा एक निजी प्रतिष्ठान सीजी शाईनेज शॉप, उमदा रोड भिलाई-03 में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि पुरैना-सिरसागेट अंडरब्रिज बंद होने के कारण वे प्रतिदिन अपनी मोटरसाइकिल स्प्लेंडर प्लस क्रमांक CG07BT4656 को पुरैना चौक स्थित सांई ऑटो पार्ट्स दुकान के पास खड़ी कर पैदल अपने कार्यस्थल तक जाते थे।

पीड़ित के अनुसार 8 जुलाई 2026 की सुबह लगभग 10:30 बजे उन्होंने अपनी बाइक को लॉक कर निर्धारित स्थान पर खड़ा किया और काम पर चले गए। रात करीब 9 बजे ड्यूटी समाप्त होने के बाद जब वे वापस लौटे तो बाइक वहां से गायब थी। आसपास काफी खोजबीन और लोगों से पूछताछ करने के बावजूद वाहन का कोई पता नहीं चला।

चोरी गई मोटरसाइकिल वर्ष 2019 मॉडल की ग्रे-ब्लैक रंग की स्प्लेंडर प्लस है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 20 हजार रुपये बताई गई है। वाहन उनके पिता ओमहर वर्मा के नाम पर पंजीकृत है, जिसका उपयोग वे स्वयं करते थे।

घटना की जानकारी उन्होंने अपने परिचित युवराज बंछोर एवं परिजनों को दी। संभावित स्थानों पर लगातार तलाश के बाद भी बाइक नहीं मिलने पर उन्होंने पुरानी भिलाई थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की तलाश की जा रही है।

शहर में बढ़ रही वाहन चोरी की वारदातें

लगातार सामने आ रही बाइक चोरी की घटनाओं ने वाहन मालिकों की चिंता बढ़ा दी है। सार्वजनिक स्थानों और बाजार क्षेत्रों में खड़े वाहनों को चोर निशाना बना रहे हैं। पुलिस ने नागरिकों से वाहन सुरक्षित स्थान पर खड़े करने, अतिरिक्त सुरक्षा लॉक लगाने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।