दिनदहाड़े घर के सामने से बाइक पार, शांति नगर में चोरों के हौसले बुलंद

 दिनदहाड़े घर के सामने से बाइक पार, शांति नगर में चोरों के हौसले बुलंद

भिलाई। शांति नगर भिलाई-3 क्षेत्र में एक बार फिर वाहन चोरों ने पुलिस को चुनौती देते हुए दिनदहाड़े घर के सामने खड़ी मोटरसाइकिल पार कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोगों ने बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं पर चिंता जताई है।

मिली जानकारी के अनुसार शांति नगर भिलाई-3 निवासी अमित स्वर्णकार, जो फर्नीचर पेंटिंग एवं पॉलिश का कार्य करते हैं, 10 जुलाई 2026 को सुबह करीब 10 बजे काम से वापस अपने घर पहुंचे थे। उन्होंने अपनी होंडा सीबी शाइन 125 मोटरसाइकिल क्रमांक CG-07-AW-0729 को घर के सामने खड़ा किया और नहाने व भोजन करने के लिए घर के अंदर चले गए।

दोपहर करीब 2 बजे जब वे दोबारा काम पर जाने के लिए घर से बाहर निकले तो देखा कि उनकी मोटरसाइकिल वहां मौजूद नहीं थी। उन्होंने आसपास काफी तलाश की, लेकिन बाइक का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने पुलिस थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई।चोरी गई मोटरसाइकिल वर्ष 2015 मॉडल की ग्रे रंग की होंडा सीबी शाइन 125 है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई गई है। वाहन का चेसिस नंबर ME4JC652DF7019883 तथा इंजन नंबर JC65E70061443 है।

पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस गश्त बढ़ाने और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की आवश्यकता है।