एक ही जमीन का कई लोगों से सौदा, 8 लाख की ठगी; दंपती गिरफ्तार
दुर्ग। भूमि विक्रय के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले पति-पत्नी को पुलगांव पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। आरोप है कि दोनों ने एक ही भूमि का अलग-अलग लोगों से सौदा कर लाखों रुपये की रकम ब्याना और उधारी के रूप में प्राप्त की, लेकिन न तो जमीन की रजिस्ट्री कराई और न ही रकम वापस की।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी ने थाना पुलगांव में शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम दमोदा निवासी नोकेश देशमुख और नेहा देशमुख ने ग्राम अंजोरा स्थित खसरा नंबर 615/10, रकबा 0.0115 हेक्टेयर, प्लॉट नंबर-08 की भूमि बेचने का सौदा कुल 5 लाख 50 हजार रुपये में किया था। सौदे के तहत प्रार्थी से ऑनलाइन और नकद माध्यम से 5 लाख 20 हजार रुपये लिए गए। इसके अलावा व्यवसायिक आवश्यकता का हवाला देकर प्रार्थी की माता से एनईएफटी के माध्यम से 2 लाख 80 हजार रुपये भी प्राप्त किए गए।
इस तरह आरोपियों ने कुल 8 लाख रुपये हासिल कर लिए, लेकिन जमीन की रजिस्ट्री नहीं कराई। जब प्रार्थी ने ऑनलाइन भूइयां पोर्टल पर भूमि का सत्यापन कराया तो पता चला कि संबंधित भूमि किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर पहले से पंजीबद्ध है।
जांच में सामने आई बड़ी धोखाधड़ी
पुलिस विवेचना के दौरान यह तथ्य भी सामने आया कि आरोपियों ने इसी भूमि के नाम पर अन्य लोगों से भी रकम वसूल की थी। जांच में दीपक कुमार चौबे, दुर्गा शर्मा और दिनेश कुमार पाण्डे सहित अन्य व्यक्तियों से भी ब्याना राशि लेने की जानकारी मिली है। पुलिस को आशंका है कि इस मामले में अन्य पीड़ित भी सामने आ सकते हैं।
जांच अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों ने एक ही जमीन को कई लोगों को बेचने का झांसा देकर रकम प्राप्त की और सुनियोजित तरीके से धोखाधड़ी को अंजाम दिया।
बीएनएस की धाराओं के तहत कार्रवाई
मामले में थाना पुलगांव में अपराध दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) एवं 3(5) के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
दस्तावेज और बैंकिंग रिकॉर्ड जुटाए गए
पुलिस ने मामले से जुड़े दस्तावेजी साक्ष्य, बैंकिंग लेन-देन के रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों को जब्त कर जांच में शामिल किया है। धोखाधड़ी से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित पीड़ितों की पहचान के लिए विवेचना जारी है।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में थाना पुलगांव के उप निरीक्षक गुरविंदर सिंह संधू, उप निरीक्षक बेदराम चंद्रवंशी, प्रधान आरक्षक पुष्पकराज, प्रधान आरक्षक शकुन्तला राठिया तथा सहायक उप निरीक्षक सुभाष साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
भूमि खरीदने से पहले करें पूरी जांच
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी भूमि की खरीद-फरोख्त से पहले उसके स्वामित्व, रजिस्ट्री और राजस्व अभिलेखों का विधिवत सत्यापन अवश्य करें। किसी भी संदिग्ध लेन-देन या धोखाधड़ी की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।



