अपहरण कर लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश: 2 आरोपी व 4 नाबालिग गिरफ्तार, ₹87 हजार से अधिक की लूट का खुलासा

 अपहरण कर लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश: 2 आरोपी व 4 नाबालिग गिरफ्तार, ₹87 हजार से अधिक की लूट का खुलासा

भिलाई। दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र में अपहरण कर लूटपाट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों और चार अपचारी बालकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक युवक और उसके साथी का अपहरण कर मारपीट की, मोबाइल, स्कूटी, नकदी, चांदी के आभूषण समेत अन्य सामान लूट लिया तथा डिजिटल भुगतान के माध्यम से जबरन रकम भी ट्रांसफर कराई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

स्कूटी खराब होने पर मांगी मदद, बन गए शिकार

पुलिस के अनुसार प्रार्थी, जो बालोद जिले के डौंडी स्थित शिक्षक कॉलोनी का निवासी है, 2 जुलाई 2026 की रात अपने एक रिश्तेदार के साथ दुर्ग-भिलाई घूमने आया था। तड़के करीब 4:30 बजे गदा चौक स्थित पुरानी शराब भट्ठी के पास उसकी स्कूटी खराब हो गई। इस दौरान वहां मौजूद कुछ युवकों से उसने सहायता मांगी।बातचीत के दौरान युवकों ने स्कूटी चोरी की होने का संदेह जताते हुए अपने अन्य साथियों को बुला लिया। इसके बाद आरोपियों ने प्रार्थी और उसके साथी को जबरन अपने कब्जे में लेकर विभिन्न स्थानों पर घुमाते हुए मारपीट शुरू कर दी।

मारपीट कर लूटे मोबाइल, स्कूटी और आभूषण

आरोपियों ने प्रार्थी से दो मोबाइल फोन, स्कूटी, नगदी, पर्स, महत्वपूर्ण दस्तावेज, इलेक्ट्रिकल कार्य में उपयोग होने वाला सामान, चांदी की अंगूठियां और चांदी का ब्रेसलेट लूट लिया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने धमकाकर उसके डिजिटल भुगतान माध्यम से भी रकम ट्रांसफर करवाई।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने नकदी और डिजिटल ट्रांजेक्शन समेत कुल 87 हजार 180 रुपये की लूटपाट की थी।

हथियार दिखाकर धमकाया, जबरन बनवाया वीडियो

लूटपाट के बाद आरोपियों ने पीड़ितों को पुलगांव क्षेत्र में ले जाकर धारदार हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। शिकायत न करने के लिए दोनों से जबरन वीडियो भी बनवाया गया और डराया-धमकाया गया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 6 आरोपी गिरफ्त में

मामले की गंभीरता को देखते हुए सुपेला थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और पहचान के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों एवं चार अपचारी बालकों को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद सभी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी

  • सोहेल खान (19 वर्ष), निवासी शीतला मंदिर के पास, इंद्रा नगर, सुपेला।
  • पंकज विश्वकर्मा (18 वर्ष), निवासी गदा चौक, सुपेला।
  • 04 अपचारी बालक (विधिक कारणों से नाम गोपनीय)।

पुलिस के अनुसार इस मामले में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

लूटा गया सामान बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मशरूका एवं घटना से संबंधित अन्य सामग्री बरामद कर ली है। बरामद सामान की वैधानिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

पूरे मामले के खुलासे में थाना प्रभारी सुपेला निरीक्षक अंबर भारद्वाज, उपनिरीक्षक अमर दास गंगेले, प्रधान आरक्षक प्रकाशचंद्र तिवारी, प्रधान आरक्षक अमर सिंह, आरक्षक दुर्गेश सिंह राजपूत एवं आरक्षक प्रदीप सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपराधिक घटना की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाना अथवा डायल-112 पर दें। कानून को अपने हाथ में लेने से बचें तथा अपराधियों के खिलाफ पुलिस को सहयोग प्रदान करें, ताकि ऐसे मामलों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।