भिलाई-चरोदा में भाजपा का ‘हल्ला बोल’, 30 जून को नगर निगम घेराव का ऐलान; जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना
भिलाई-3/चरोदा। भारतीय जनता पार्टी भिलाई-3 एवं चरोदा मंडल की संयुक्त बैठक रविवार को रुक्मणी पैलेस में आयोजित की गई। बैठक में 30 जून को प्रस्तावित भिलाई-चरोदा नगर निगम घेराव कार्यक्रम की रणनीति, संगठनात्मक तैयारियों और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। भाजपा नेताओं ने नगर निगम की कार्यप्रणाली, क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं तथा कांग्रेस सरकार की नीतियों को लेकर तीखा हमला बोलते हुए बड़े जनआंदोलन का संकेत दिया।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन उपस्थित रहे। उनके साथ जिला महामंत्री सुषमा जेठानी, भिलाई-3 प्रभारी मनोज तिवारी, चरोदा प्रभारी बिजेंद्र सिंह, सह प्रभारी गुरमीत सिंह सूखो, मंडल अध्यक्ष वरुण यादव, ए. गौरीशंकर, विधायक प्रतिनिधि सतीश साहू, नेता प्रतिपक्ष रामखिलावन वर्मा सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक की शुरुआत चरोदा मंडल अध्यक्ष ए. गौरीशंकर के स्वागत भाषण एवं अध्यक्षीय उद्बोधन से हुई। इस दौरान कार्यकर्ताओं को निगम घेराव कार्यक्रम की रूपरेखा, जनसंपर्क अभियान, भीड़ प्रबंधन और संगठनात्मक जिम्मेदारियों को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।
नेताओं ने अपने संबोधन में कहा कि नगर निगम क्षेत्र में पेयजल, सफाई, सड़क, प्रकाश व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े कई मुद्दे लंबे समय से उपेक्षित हैं। भाजपा इन जनसमस्याओं को लेकर जनता की आवाज बनेगी और निगम प्रशासन को जवाबदेह बनाने के लिए लोकतांत्रिक आंदोलन करेगी।
चरोदा प्रभारी बिजेंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर निगम घेराव को सफल बनाने का आह्वान किया। वहीं मनोज तिवारी ने बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय कर प्रत्येक कार्यकर्ता को जिम्मेदारी के साथ मैदान में उतरने की बात कही। नेता प्रतिपक्ष रामखिलावन वर्मा ने कहा कि भाजपा जनता के अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी और नगर निगम की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष तेज किया जाएगा।
विधायक प्रतिनिधि सतीश साहू ने संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका को आंदोलन की सफलता का आधार बताया। जिला महामंत्री सुषमा जेठानी ने अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने और महिलाओं सहित सभी वर्गों को आंदोलन से जोड़ने पर जोर दिया।
अपने संबोधन में जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता जनता की समस्याओं को लेकर पूरी ताकत के साथ संघर्ष करें। उन्होंने 30 जून के निगम घेराव को ऐतिहासिक और प्रभावी बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा जनहित के मुद्दों पर किसी भी स्तर तक संघर्ष करने से पीछे नहीं हटेगी।
बैठक के अंत में भिलाई-3 मंडल अध्यक्ष वरुण यादव ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन मंडल महामंत्री श्यामसुंदर जायसवाल, समीर अग्रवाल एवं पूर्णिमा ठाकुर ने किया। बैठक में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, पार्षदगण एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यकर्ताओं ने जनसमस्याओं को लेकर व्यापक जनआंदोलन चलाने तथा 30 जून के निगम घेराव को सफल बनाने का संकल्प लिया।

