पार्षद मनीष वर्मा की पहल पर ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई, दोबारा सड़क पर वाहन खड़े करने पर होगी जब्ती और चालानी कार्रवाई
मुख्य सड़क से हटी अवैध पार्किंग, राहत की सांस लेने लगे पदुम नगरवासी
भिलाई। पदुम नगर वार्ड क्रमांक-19 स्थित जी.ई. रोड पर बने गंगाजी टावर के सामने लंबे समय से अवैध पार्किंग की समस्या से जूझ रहे क्षेत्रवासियों को आखिरकार राहत मिल गई है। स्थानीय लोगों की शिकायत पर युवा पार्षद मनीष वर्मा की पहल और ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई के बाद मुख्य मार्ग से सभी अवैध रूप से खड़े वाहन हटवा दिए गए।
जानकारी के अनुसार गंगाजी टावर में संचालित पैथोलॉजी लैब, जिम सेंटर, लाइब्रेरी तथा अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में आने वाले लोगों के वाहन पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नहीं होने के कारण मुख्य सड़क पर ही खड़े किए जा रहे थे। इससे रोजाना यातायात बाधित होता था और स्थानीय नागरिकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था।
क्षेत्रवासियों की शिकायत मिलने पर पार्षद मनीष वर्मा ने तत्काल मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल एवं ट्रैफिक डीएसपी सतानंद को आवेदन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद ट्रैफिक डीएसपी के निर्देश पर सब इंस्पेक्टर भिखम टंडन एवं उनकी टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़क पर खड़े वाहनों को हटाया और संबंधित कॉम्प्लेक्स प्रबंधन को कड़ी चेतावनी दी।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में यदि मुख्य मार्ग पर दोबारा अवैध पार्किंग कराई गई तो क्रेन के माध्यम से वाहनों को जब्त कर थाने ले जाया जाएगा तथा वाहन मालिकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की जाएगी।
अवैध पार्किंग हटने के बाद जी.ई. रोड का यह हिस्सा अब पहले की तुलना में अधिक चौड़ा और व्यवस्थित दिखाई दे रहा है। यातायात सुचारु होने से स्थानीय नागरिकों ने राहत महसूस की है और पार्षद मनीष वर्मा के प्रयासों की सराहना की है।
इस अवसर पर जितेन्द्र सिंह, गणेश शर्मा, अनिता शर्मा, परमानंद वर्मा, धनंजय सिंह सहित क्षेत्र के अनेक नागरिकों ने पार्षद का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस कार्रवाई से आम लोगों को बड़ी सुविधा मिली है।

