बरसात से पहले तालाबों को संवारने उतरे समाजसेवी, आर्यनगर कोहका तालाब में चला व्यापक स्वच्छता अभियान
जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के संकल्प के साथ सर्व समाज कल्याण समिति ने शुरू किया विशेष अभियान
भिलाई। पर्यावरण संरक्षण एवं जल स्रोतों के संवर्धन को लेकर सर्व समाज कल्याण समिति भिलाई ने एक सराहनीय पहल करते हुए आर्यनगर कोहका तालाब में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया। समिति के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह ‘छोटू’ के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
तालाब स्वच्छता अभियान के अंतर्गत सर्व समाज कल्याण समिति भिलाई, यूथ सिख सेवा समिति भिलाई, स्वच्छता ही सेवा समिति भिलाई-दुर्ग, छत्तीसगढ़ स्वच्छता अभियान टीम तथा स्थानीय क्षेत्रवासियों के संयुक्त प्रयासों से तालाब परिसर की सफाई कर जल स्रोतों को स्वच्छ एवं संरक्षित रखने का संदेश दिया गया।
अभियान में विशेष रूप से सर्व समाज कल्याण समिति एवं यूथ सिख सेवा समिति के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह छोटू, स्वच्छता ही सेवा समिति के अध्यक्ष प्रेमचंद साहू, भिलाई नगर निगम के सभापति गिरवर बंटी साहू सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मलकित सिंह, जोगा राव, शाहनवाज कुरैशी, डॉ. हरजींदर सिंह, राम हिंदरिया, रंजीत सिंह, सुनील यादव, वाजिद अंसारी, वी.पी. सारथी, गुरप्रीत सिंह, ललित साहू, आकाश यादव, सन्नी सिंह सहित अनेक समाजसेवियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
इंद्रजीत सिंह छोटू का वक्तव्य
सर्व समाज कल्याण समिति के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह छोटू ने कहा कि “तालाब केवल जल स्रोत नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक और पर्यावरणीय धरोहर हैं। लगातार बढ़ते प्रदूषण और घटते जलस्तर को देखते हुए इनका संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। आने वाले वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए समिति द्वारा शहर के विभिन्न तालाबों में विशेष स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। हमारा उद्देश्य केवल सफाई करना नहीं, बल्कि समाज को जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना है। जब तक जनभागीदारी नहीं बढ़ेगी, तब तक प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण संभव नहीं है।”
उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे जल स्रोतों में कचरा न डालें और स्वच्छ एवं हरित भिलाई के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
आर्यनगर कोहका तालाब में स्वच्छता अभियान चलाते सर्व समाज कल्याण समिति, यूथ सिख सेवा समिति के पदाधिकारी व सदस्य।

