पटरी पार क्षेत्र के विकास के लिए उठी मजबूत आवाज, सुशासन शिविर में पार्षद भारती राम सूर्यवंशी ने सौंपा मांग पत्र, नगर पालिका गठन सहित कॉलेज, अस्पताल और बैंक शाखा खोलने की मांग

 पटरी पार क्षेत्र के विकास के लिए उठी मजबूत आवाज, सुशासन शिविर में पार्षद भारती राम सूर्यवंशी ने सौंपा मांग पत्र, नगर पालिका गठन सहित कॉलेज, अस्पताल और बैंक शाखा खोलने की मांग

भिलाई/देवबलोदा। सुशासन शिविर में क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को लेकर वार्ड-31 के पार्षद भारती राम सूर्यवंशी ने जनता की प्रमुख समस्याओं एवं मांगों को प्रशासन के समक्ष रखते हुए विस्तृत आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदन में पटरी पार क्षेत्र के विकास, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार तथा नागरिकों को बेहतर शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई।

पार्षद सूर्यवंशी ने मांग की कि ग्राम कुगदा, उरला, देवबलौदा, जी-केबिन, सिरसाकला, मोरिद, गनियारी एवं सोमनी को मिलाकर एक नई नगर पालिका का गठन किया जाए, जिससे क्षेत्र के विकास कार्यों में गति आए और नागरिक सुविधाओं का बेहतर विस्तार हो सके।

इसके साथ ही पटरी पार क्षेत्र में शासकीय महाविद्यालय, सामुदायिक भवन, 100 बिस्तरों वाले अस्पताल, बैंक शाखा एवं पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।

मूलभूत सुविधाओं के लिए भी रखी गईं अहम मांगें

आवेदन में क्षेत्र के अधूरे एवं लंबित विकास कार्यों को शीघ्र पूरा करने की मांग की गई, जिनमें प्रमुख रूप से—

  • शिव मंदिर वार्ड-31 से घासीदास मंदिर एवं सी-केबिन तक सीसी रोड निर्माण।
  • सात बहनिया मंदिर से डीएमसी चौक तक विद्युत पोल एवं स्ट्रीट लाइट की स्थापना।
  • देवबलोदा बाजार चौक से मुक्तिधाम होते हुए उरला मनी कंचन केंद्र तक विद्युत पोल एवं स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग।
  • देवबलोदा गौ स्थल से बाजार चौक तक अधूरे नहर निर्माण कार्य को पूर्ण कराने की मांग।
  • रामसागर पारा उरला वार्ड-31 में पाइपलाइन विस्तार कार्य।
  • धर्मेंद्र शर्मा के घर से गंगा वर्मा के घर तक नई पाइपलाइन बिछाने की मांग।
  • ग्राम देवबलोदा में पुरुषोत्तम साहू की बाड़ी से धनु बंजारे के घर तक पाइपलाइन विस्तार का प्रस्ताव।

7 माह से पेंशन नहीं मिलने पर जताई नाराजगी

सुशासन शिविर में वृद्ध, विधवा एवं दिव्यांग हितग्राहियों को पिछले सात माह से पेंशन नहीं मिलने की शिकायत भी दर्ज कराई गई। पार्षद ने प्रशासन से तत्काल समाधान कर पात्र हितग्राहियों को नियमित पेंशन भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की।

इस दौरान राम सूर्यवंशी (जिला महामंत्री, दुर्ग ग्रामीण कांग्रेस), राहुल वर्मा (जिला अध्यक्ष, असंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस), प्रेम कुमार मिश्रा, विजय पुरी, डक्स पटेल, सौरभ वर्मा, ऋषभ तिवारी, मोंटी यादव एवं जीतू श्रीवास्तव सहित अनेक कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।