बिटकॉइन निवेश के नाम पर 7.50 लाख की ठगी, रायपुर से आरोपी गिरफ्तार

 बिटकॉइन निवेश के नाम पर 7.50 लाख की ठगी, रायपुर से आरोपी गिरफ्तार

12 से 13 प्रतिशत मासिक मुनाफे का झांसा देकर महिला से की धोखाधड़ी, दुर्ग पुलिस की कार्रवाई
दुर्ग। ऑनलाइन निवेश और बिटकॉइन में मोटे मुनाफे का लालच देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार किया है। थाना सिटी कोतवाली दुर्ग पुलिस ने रायपुर निवासी आरोपी को पकड़कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया है। आरोपी ने एक महिला से बिटकॉइन में निवेश कराने के नाम पर करीब 7 लाख 50 हजार रुपये की धोखाधड़ी की थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थिया देवकी सोनकर, निवासी शिक्षक नगर मिनी स्टेडियम के पास दुर्ग ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी पीलादास मानिकपुरी ने बिटकॉइन में निवेश कर प्रतिमाह 12 से 13 प्रतिशत तक लाभ दिलाने का प्रलोभन दिया। आरोपी ने अलग-अलग समय में नगद एवं यूपीआई माध्यम से कुल 7,50,000 रुपये प्राप्त किए। शुरुआत में कुछ राशि वापस कर भरोसा जीतने के बाद आरोपी ने शेष रकम लौटाने से इंकार कर दिया तथा संपर्क बंद कर फरार हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में अपराध क्रमांक 183/2026 धारा 318(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी पीलादास मानिकपुरी, उम्र 48 वर्ष, निवासी चंगोराभाठा बिजली ऑफिस के पास थाना डी.डी. नगर जिला रायपुर को रायपुर से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त विवो कंपनी का मोबाइल फोन, जिसकी कीमत लगभग 10 हजार रुपये बताई जा रही है, जप्त किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी लोगों को अधिक लाभ का लालच देकर बिटकॉइन निवेश के नाम पर ठगी करता था। मामले में आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी ऑनलाइन निवेश, ट्रेडिंग या क्रिप्टोकरेंसी में पैसा लगाने से पहले संबंधित व्यक्ति एवं संस्था की पूरी जांच-पड़ताल अवश्य करें। अधिक लाभ के लालच में बिना सत्यापन निवेश करना आर्थिक नुकसान का कारण बन सकता है। किसी भी संदिग्ध वित्तीय गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की सलाह दी गई है।