भिलाई-चरौदा निगम को NSPCL से ₹74 लाख की बड़ी सौगात, सफाई व जनहित कार्यों को मिलेगा नया बल
भिलाई-चरौदा: नगर पालिक निगम भिलाई-चरौदा को एन.एस.पी.सी.एल. (NSPCL) द्वारा कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत ₹74 लाख की महत्वपूर्ण राशि प्रदान की गई है। इस राशि से निगम द्वारा सफाई, स्वास्थ्य और जनहित से जुड़े अत्याधुनिक उपकरणों की खरीदी की गई है, जिससे शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
नए उपकरणों का हुआ लोकार्पण
निगम कार्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में NSPCL के मुख्य महाप्रबंधक नील कुमार शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान CSR मद से प्राप्त राशि से खरीदे गए उपकरणों का विधिवत उद्घाटन किया गया।
प्राप्त संसाधनों में शामिल हैं:
- इंसीनेरेटर मशीन – 20 नग
- सेनेटरी नेपकिन मशीन – 20 नग
- आर.ओ. मशीन – 11 नग
- टिप्पर वाहन – 1 नग
- मोबाइल टॉयलेट – 2 नग
इन उपकरणों के माध्यम से नगर में स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं और सार्वजनिक सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा।
महापौर का वक्तव्य
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर श्री निर्मल कोसरे ने कहा कि जनहित के कार्यों के लिए निगम द्वारा भेजे गए प्रस्तावों पर NSPCL का हमेशा सकारात्मक सहयोग मिला है। उन्होंने कहा कि यह सहयोग लंबे समय तक शहरवासियों के लिए उपयोगी सिद्ध होगा।
ई-लाइब्रेरी के लिए मिला आश्वासन
मुख्य महाप्रबंधक नील कुमार शर्मा ने अपने संबोधन में बताया कि निगम द्वारा भविष्य में ई-लाइब्रेरी स्थापित करने का प्रस्ताव दिया गया है, जिसे NSPCL की ओर से पूर्ण सहयोग प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर डीजीएम परिमल सिन्हा, आयुक्त दशरथ राजपूत, सहायक अभियंता हेमंत साहू, नेता प्रतिपक्ष राम खिलावन वर्मा सहित निगम के पार्षदगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



