जायरीनों के इस्तकबाल में गूंजा भाईचारा, इंद्रजीत सिंह छोटू बोले—हज का सफर हम सबके लिए सौभाग्य

भिलाई/ हज के मुबारक सफर पर रवाना होने जा रहे दुर्ग-भिलाई के जायरीनों के सम्मान में रविवार शाम कृष्णा गार्डन, शांति नगर में भव्य इस्तकबालिया कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर 40 से अधिक जायरीनों का गुलपोशी और तोहफों के साथ सम्मान किया गया।

आलिम-ए-दीन ने बताई हज की अहमियत

कार्यक्रम की शुरुआत तकरीर से हुई, जिसमें आलिम-ए-दीन ने हज की अहमियत और उससे जुड़ी जरूरी बातों पर रोशनी डाली। जामा मस्जिद सेक्टर-6 के इमाम इकबाल अंजुम हैदर, मुफ्ती जामई कमर, मौलाना जलालुद्दीन सहित अन्य उलेमाओं ने जायरीनों की सलामती और हज की कुबूलियत के लिए दुआएं कीं।

धार्मिक एकता की मिसाल बना आयोजन

इस आयोजन में सर्वधर्म प्रतिनिधियों की मौजूदगी ने भाईचारे का संदेश दिया।

युवा समाजसेवी इंद्रजीत सिंह छोटू ने अपने संबोधन में कहा—
“हज पर जाना हर किसी के नसीब में नहीं होता। आप सभी खुशकिस्मत हैं। हम सबके लिए यह गर्व और सौभाग्य की बात है कि इस पवित्र सफर से पहले हमें आपका इस्तकबाल करने का अवसर मिला। वहां पहुंचकर अपनी दुआओं में हम सभी को जरूर याद रखें।”

छत्तीसगढ़ सिख पंचायत के अध्यक्ष जसवीर सिंह चहल ने कहा कि भिलाई का भाईचारा ऐसे आयोजनों से और मजबूत होता है।

जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों की उपस्थिति

कार्यक्रम में वरिष्ठ पार्षद सीजू एंथोनी, पलविंदर सिंह रंधावा, मलकीत सिंह, जोगा राव सहित कई समाजसेवी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में बड़ी संख्या में लोगों का योगदान रहा।

“भिलाई जिंदाबाद” किताब का हुआ लोकार्पण

इस अवसर पर भिलाई पर आधारित पुस्तक “भिलाई जिंदाबाद, कुछ किस्से-कुछ कहानियां” का लोकार्पण भी किया गया। सभी इमामों और उपस्थित लोगों ने इसे शहर को समझने के लिए महत्वपूर्ण किताब बताया।

किताब के लेखक मुहम्मद जाकिर हुसैन का मंच पर सम्मान किया गया। उल्लेखनीय है कि इस पुस्तक का विमोचन हाल ही में रायपुर में फिल्मकार अनुराग बसु द्वारा किया गया था।