छत्तीसगढ़ पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन को मिला नया संरक्षक, इंद्रजीत सिंह छोटू की नियुक्ति

 छत्तीसगढ़ पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन को मिला नया संरक्षक, इंद्रजीत सिंह छोटू की नियुक्ति

खिलाड़ियों के सम्मान समारोह में की गई घोषणा, खेल प्रतिभाओं को मिलेगा नया संबल

भिलाई: सेक्टर-6 स्थित आयोजन स्थल पर आयोजित 26वीं छत्तीसगढ़ स्टेट पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2026 एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के सम्मान समारोह में एक महत्वपूर्ण घोषणा की गई। इस अवसर पर इंद्रजीत सिंह छोटू को छत्तीसगढ़ पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन का संरक्षक नियुक्त किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित इंद्रजीत सिंह छोटू ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि “खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, समर्पण और आत्मविश्वास का प्रतीक है। छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों में अपार क्षमता है, उन्हें सही मार्गदर्शन और संसाधन मिले तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि वे संरक्षक के रूप में खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास, बेहतर प्रशिक्षण सुविधाओं और अवसरों के विस्तार के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करेंगे। साथ ही आयोजन समिति द्वारा किए गए सफल आयोजन की सराहना करते हुए आभार भी व्यक्त किया।

इस मौके पर एसोसिएशन के महासचिव कृष्ण साहू, कोषाध्यक्ष संतोष देवांगन सहित त्रिलोक सिंह, ए. नागभूषण, संतोषी माझी, पद्मिनी शर्मा, धारिणी जोशी, नामदेव साहू, महेश पटेल, आसिफ अली खान, अखिलेश पांडेय समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

यह नियुक्ति न केवल संगठन को मजबूती देगी, बल्कि प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों के लिए नए अवसरों के द्वार भी खोलेगी।