अवैध अफीम खेती और तस्करी पर दुर्ग पुलिस का शिकंजा, एक और आरोपी गिरफ्तार – अब तक 8 आरोपी गिरफ्तार

▪️ 670 ग्राम डोडा चूरा, ₹18,540 नगद और वाहन जप्त

▪️ NDPS Act के तहत सख्त कार्रवाई, तस्करी नेटवर्क की जांच जारी

दुर्ग। अवैध अफीम खेती एवं तस्करी के खिलाफ दुर्ग पुलिस की लगातार कार्रवाई जारी है। थाना पुलगांव अंतर्गत चौकी जेवरा–सिरसा में दर्ज प्रकरण क्रमांक 247/2026 में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के साथ अब तक कुल 08 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

यह मामला ग्राम समोदा–झेनझरी में अवैध अफीम खेती से जुड़ा है, जिसमें NDPS Act की धारा 8, 18, 29 एवं 27(ड) के तहत कार्रवाई की जा रही है।

पहले भी हो चुकी हैं गिरफ्तारियां

प्रकरण में पूर्व में विकास बिश्नोई, विनायक ताम्रकार, मनीष उर्फ गोलू ठाकुर एवं छोटू राम को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके बाद 15 मार्च 2026 को रणछोड़ राम उर्फ रणजीत और सुनील देवासी को पकड़ा गया था।

वहीं 16 मार्च को मदरूपा राम विश्नोई को गिरफ्तार कर उससे ₹42,000 नगद बरामद किए गए थे, जो डोडा चूरी बिक्री से प्राप्त हुए थे।

नए आरोपी की गिरफ्तारी

विवेचना के दौरान मुख्य आरोपी विकास बिश्नोई के बयान के आधार पर सुखराम बिश्नोई का नाम सामने आया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने सिलोदा स्थित राजस्थानी भोजनालय क्षेत्र में दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान आरोपी सुखराम बिश्नोई के कब्जे से डस्टर वाहन (CG04 HD 6632) की ड्राइवर सीट के नीचे छिपाकर रखे गए 670 ग्राम डोडा चूरा बरामद किया गया।

जप्त सामग्री

  • 670 ग्राम डोडा चूरा
  • नगद ₹18,540
  • डस्टर वाहन (CG04 HD 6632)
  • इलेक्ट्रॉनिक तराजू
  • ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन
  • वाहन की आरसी बुक

आरोपी का विवरण

  • सुखराम बिश्नोई, निवासी ग्राम पिलवा, राजस्थान

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में उप निरीक्षक खागेंद्र पठारे, प्रधान आरक्षक साहू, आरक्षक हीरालाल देशमुख, त्रिलोकनाथ भाटी सहित ACCU दुर्ग, थाना पुलगांव एवं चौकी जेवरा–सिरसा की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध मादक पदार्थों के उत्पादन, परिवहन या तस्करी से संबंधित कोई भी सूचना तुरंत पुलिस को दें। ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।