डीएवी नेशनल गेम्स में भिलाई की जपनीत कौर का जलवा, जिमनास्टिक में 5 स्वर्ण पदक जीतकर बढ़ाया शहर का मान

भिलाई/ भिलाई शहर के लिए गर्व का क्षण है, जब स्मृति नगर निवासी प्रतिभावान खिलाड़ी जपनीत कौर ने डीएवी नेशनल गेम्स की जिमनास्टिक प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पांच स्वर्ण पदक अपने नाम किए और भिलाई को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया।

खेल प्रतिभा ने रचा इतिहास

जपनीत कौर, श्री बलजीत सिंह (स्टडी सर्कल वाले) की सुपुत्री हैं और सड़क-5, स्मृति नगर, भिलाई की निवासी हैं। कम उम्र में इस बड़ी उपलब्धि ने न केवल परिवार बल्कि पूरे शहर का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है।

इंद्रजीत सिंह (छोटू) ने की सौजन्य मुलाकात

इस ऐतिहासिक सफलता पर हैवी ट्रांसपोर्ट कंपनी के डायरेक्टर एवं सर्व समाज कल्याण समिति भिलाई के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह (छोटू) ने जपनीत कौर से सौजन्य मुलाकात कर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

इंद्रजीत सिंह (छोटू) का व्यक्तव्य:
“जपनीत कौर ने अपनी मेहनत, अनुशासन और समर्पण से यह साबित कर दिया है कि भिलाई की बेटियां किसी भी मंच पर देश और समाज का नाम रोशन कर सकती हैं। उनकी यह सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। मैं उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं।”

समाज के गणमान्य लोग रहे उपस्थित

इस अवसर पर सर्व समाज कल्याण समिति के महासचिव मलकीत सिंह, जोगा राव, रिज्जू सिंह, रमन राव, डॉ. हरजिंदर सिंह सहित परिवार के सदस्य एवं समाज के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने जपनीत कौर को शुभकामनाएं देकर उनका उत्साहवर्धन किया।

भिलाई के लिए गौरव का क्षण

जपनीत कौर की इस उपलब्धि से भिलाई का नाम राष्ट्रीय स्तर पर चमका है। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि सही मार्गदर्शन और मेहनत से युवा खिलाड़ी देश के लिए पदक ला सकते हैं।