म्युल अकाउंट गैंग का फरार आरोपी पुलिस के गिरफ्त में

  • पूर्व में 05 आरोपियों को किया जा चुका है गिरफ्तार
  • आरोपियों के कब्जे से 78 एटीएम/क्रेडिट कार्ड, 21 चेकबुक, 18 पासबुक एवं 16 विभिन्न कंपनियों के सिम कार्ड किए गए थे जप्त
  • गिरफ्तार आरोपी विशाल मसीह के पास से विभिन्न बैंकों की पासबुक एवं एटीएम कार्ड बरामद
  • प्रकरण में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

दुर्ग/ पुलिस द्वारा लगातार सायबर फ्रॉड, म्युल अकाउंट होल्डर्स एवं सप्लायर्स के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 30.12.2025 को थाना पदमनाभपुर में एक प्रार्थी द्वारा लिखित आवेदन प्रस्तुत कर रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।

प्रार्थी ने बताया कि उसकी मोबाइल दुकान में अमित मिश्रा निवासी हास्पिटल सेक्टर भिलाई, मोबाइल रिपेयरिंग का कार्य करता था। इसी दौरान बोरसी दुर्ग निवासी लोकेश जाधव उर्फ लक्की का दुकान में आना-जाना होता था, जिससे अमित मिश्रा ने परिचय कराया।

कुछ माह पूर्व लोकेश जाधव ने प्रार्थी को यह कहकर 20,000 रुपये का प्रलोभन दिया कि उसके भाई टवन का बाहर से पैसा आने वाला है और बैंक खाता उपलब्ध नहीं है। प्रलोभन में आकर प्रार्थी ने एक्सिस बैंक महाराजा चौक एवं आईडीबीआई बैंक कुम्हारी शाखा का खाता आरोपी को सौंप दिया। बाद में आईडीबीआई बैंक का खाता फ्रीज होने पर प्रार्थी को संदेह हुआ और उसने थाने में शिकायत दर्ज कराई।

एफआईआर दर्ज होने की सूचना मिलने पर मुख्य आरोपी लोकेश जाधव बस के माध्यम से कल्याण (महाराष्ट्र) भागने की फिराक में था, जिसे दुर्ग बस स्टैंड से गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से 33 एटीएम/क्रेडिट कार्ड, 15 चेकबुक, 09 पासबुक एवं 12 सिम कार्ड बरामद किए गए।

पूछताछ में आरोपी ने अपने बड़े भाई टवन कुमार जाधव के साथ मिलकर म्युल अकाउंट सप्लाई करने की बात स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर बोरसी स्थित उसके घर से 28 एटीएम/क्रेडिट कार्ड, 08 चेकबुक, 08 पासबुक एवं 04 सिम कार्ड बरामद किए गए।

इस प्रकरण में पुलिस द्वारा विनय सिंह सेंगर, राजू गायकवाड़ एवं अमित मिश्रा को भी गिरफ्तार किया गया था। सभी आरोपियों से कुल 78 एटीएम/क्रेडिट कार्ड, 21 चेकबुक, 18 पासबुक एवं 16 सिम कार्ड जप्त किए गए।

आरोपियों के विरुद्ध थाना पदमनाभपुर में अपराध क्रमांक 566/25 धारा 317(4), 319(2), 61, 42(2), 42(3) बी.एन.एस. के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी विशाल मसीह को दिनांक 12.01.2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

आरोपी का विवरण :
नाम – विशाल मसीह
उम्र – 27 वर्ष
पता – सेक्टर 6, भिलाई नगर