ABVP की वर्षों पुरानी माँग विधानसभा में हुई पूरी, मरवाही शासकीय महाविद्यालय को मिलेगा अतिरिक्त भवन
मरवाही/ प्रयास कैवर्त
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) मरवाही इकाई द्वारा विगत कई वर्षों से की जा रही माँग आखिरकार विधानसभा में पूरी हो गई है। मरवाही शासकीय महाविद्यालय (रानी दुर्गावती) को अतिरिक्त भवन की सौगात मिलने जा रही है, जिसे क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची का प्रभावी हस्तक्षेप
मरवाही विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची ने विधानसभा में अपने प्रथम मुद्दे के रूप में शासकीय महाविद्यालय मरवाही के लिए अतिरिक्त भवन की माँग को मजबूती से उठाया। विधायक द्वारा उठाए गए इस महत्वपूर्ण विषय को गंभीरता से लेते हुए सरकार ने इस पर सकारात्मक रुख अपनाया है।
20 कक्षाएँ, शौचालय एवं ऑडिटोरियम की माँग होगी पूरी
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा लंबे समय से महाविद्यालय के लिए
- 20 अतिरिक्त कक्षाएँ (क्लासरूम)
- 4 शौचालय
- सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों हेतु ऑडिटोरियम (सभागार)
की माँग की जा रही थी। अब इन सभी आवश्यक सुविधाओं के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है, जिससे छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा।
विधानसभा अध्यक्ष के निर्देश, मंत्री ने दिए स्वीकृति के संकेत
विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची की सक्रियता एवं क्षेत्र के प्रति संवेदनशीलता को देखते हुए पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने संबंधित मंत्रालय को शीघ्र स्वीकृति देने के निर्देश दिए हैं। वहीं संबंधित मंत्री श्री टंकराम वर्मा द्वारा भी आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए विधायक को स्वीकृति के संकेत दिए गए हैं।
प्लाईवुड से चल रही कक्षाओं की समस्या होगी समाप्त
वर्तमान में महाविद्यालय की कई कक्षाएँ प्लाईवुड से विभाजित कमरों में संचालित की जा रही थीं, जिससे शिक्षण व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही थी। इस गंभीर समस्या को लेकर ABVP लगातार संघर्षरत थी, जो अब समाधान की ओर बढ़ चुकी है।
ABVP कार्यकर्ताओं के निरंतर प्रयास रंग लाए
इस माँग को लेकर
पूर्व नगर मंत्री आदित्य सोनी,
नगर मंत्री महिमा द्विवेदी,
अंचल राय हरीश चंद्र,
अंकिता तिवारी एवं
प्रथा प्रधान
द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे थे। संगठनात्मक दबाव और निरंतर संवाद का ही परिणाम है कि यह माँग अब पूरी होने जा रही है।
आदिवासी छात्र-छात्राओं को मिलेगा विशेष लाभ
अतिरिक्त भवन की स्वीकृति से मरवाही एवं आसपास के क्षेत्रों में अध्ययनरत आदिवासी छात्र-छात्राओं को विशेष लाभ मिलेगा। इससे न केवल शैक्षणिक सुविधाओं में विस्तार होगा, बल्कि महाविद्यालय का शैक्षणिक वातावरण भी सुदृढ़ होगा।
ABVP ने जताया आभार
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद मरवाही इकाई ने विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची, विधानसभा अध्यक्ष एवं सभी संबंधित जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए इसे छात्रहित में ऐतिहासिक कदम बताया है।



