शराब दुकान हटाने को लेकर महिलाओं का आक्रोश, SDM को सौंपा ज्ञापन, चेतावनी—मांगें नहीं मानी गईं तो होगा उग्र आंदोलन

मरवाही/प्रयास कैवर्त।
जीपीएम जिले के नगर पंचायत मरवाही में संचालित शराब दुकान को लेकर स्थानीय महिलाओं का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। शराब दुकान को वर्तमान स्थान से हटाने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में महिलाओं ने SDM मरवाही कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।

महिलाओं ने गिनाईं गंभीर समस्याएं

ज्ञापन सौंपते हुए महिलाओं ने बताया कि शराब दुकान के कारण मोहल्ले का माहौल पूरी तरह बिगड़ चुका है। आए दिन शराबियों के कारण सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, वहीं महिलाओं और बच्चियों के साथ अभद्र व्यवहार की घटनाएं भी सामने आती रहती हैं। इससे पूरे क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।

पहले भी उठ चुकी है मांग, नहीं हुआ समाधान

महिलाओं ने कहा कि शराब दुकान हटाने की मांग वे पूर्व में भी कई बार शासन-प्रशासन के समक्ष रख चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

सरकार को दिया अल्टीमेटम

महिलाओं ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि यदि जल्द से जल्द शराब दुकान को हटाने या स्थानांतरित करने का निर्णय नहीं लिया गया, तो वे मजबूर होकर उग्र धरना-प्रदर्शन और आंदोलन करेंगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

सुरक्षित माहौल की मांग

महिलाओं का कहना है कि वे अपने मोहल्ले को शराबियों के आतंक से मुक्त कराना चाहती हैं, ताकि महिलाएं और बच्चे सुरक्षित एवं शांत वातावरण में जीवन यापन कर सकें।

फिलहाल प्रशासन की ओर से ज्ञापन प्राप्त कर मामले पर विचार का आश्वासन दिया गया है। अब देखना होगा कि शासन-प्रशासन महिलाओं की इस जायज मांग पर कब तक ठोस कदम उठाता है।