कल्याण महाविद्यालय भिलाई में उत्पात मचाने वाला मुख्य आरोपी आकाश कनौजिया नागपुर से गिरफ्तार

प्राचार्य कक्ष में घुसकर शासकीय कार्य में बाधा, दस्तावेजों व संपत्ति को पहुंचाई थी क्षति

भिलाई/ कल्याण स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सेक्टर-7 भिलाई नगर में घुसकर शासकीय कार्य में बाधा डालने, प्राचार्य कक्ष में तोड़फोड़ करने एवं शासकीय दस्तावेजों को क्षति पहुंचाने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस गंभीर प्रकरण के मुख्य आरोपी आकाश कनौजिया को पुलिस ने नागपुर एयरपोर्ट के पास से गिरफ्तार कर भिलाई लाया है।

प्रकरण की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विनय शर्मा द्वारा थाना भिलाई नगर में लिखित शिकायत प्रस्तुत की गई थी। शिकायत के अनुसार दिनांक 9 दिसंबर 2025 को कल्याण स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य कक्ष में परीक्षा फॉर्म के परीक्षण एवं हस्ताक्षर का शासकीय कार्य चल रहा था। इसी दौरान महाविद्यालय के पूर्व छात्र आकाश कनौजिया अपने साथियों के साथ एकराय होकर नारेबाजी करते हुए अनाधिकृत रूप से महाविद्यालय परिसर में प्रवेश कर गया।

आरोप है कि आरोपियों ने प्राचार्य कक्ष में घुसकर अश्लील गाली-गलौज करते हुए टेबल का कांच तोड़ दिया तथा टेबल पर रखे महत्वपूर्ण शासकीय दस्तावेजों को उठाकर फेंक दिया, उन्हें फाड़कर उन पर स्याही डाल दी, जिससे दस्तावेज पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इतना ही नहीं, आरोपियों ने जूते की माला बनाकर प्राचार्य को पहनाने का प्रयास किया और प्राचार्य की नेम प्लेट पर स्याही पोतकर उसे विरूपित कर दिया। कार्यालय के भीतर धक्का-मुक्की एवं उपद्रव से महाविद्यालय के समस्त स्टाफ में भय का वातावरण निर्मित हो गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना भिलाई नगर में आरोपियों के विरुद्ध धारा 191(2), 221, 296, 324(1), 61(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। विवेचना के दौरान पूर्व में इस घटना में शामिल दो आरोपियों—दीपक पाल (23 वर्ष) एवं हरदीप पात्रे (22 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका है।

मुख्य आरोपी आकाश कनौजिया, जो घटना के बाद फरार होकर दिल्ली भागने की फिराक में था, उसे पुलिस ने नागपुर एयरपोर्ट के पास से पकड़कर भिलाई लाया। पूछताछ के दौरान घटना में उसकी संलिप्तता के पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर 14 दिसंबर 2025 को उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपी

  1. आकाश कनौजिया, उम्र 29 वर्ष, निवासी सेक्टर-5 भिलाई

पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है तथा उन्हें शीघ्र ही गिरफ्तार किया जाएगा। महाविद्यालय परिसर में इस तरह की अराजकता एवं शासकीय कार्य में बाधा को लेकर पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई की जा रही है।