स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा सुधार: गरीबों-बुजुर्गों को मुफ़्त MRI–CT स्कैन, छात्रावास शुल्क घटा, उपकरण खरीद पर त्वरित निर्णय

रायपुर में स्वास्थ्य समिति की अहम बैठक

रायपुर में पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय एवं डीकेएस सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल की स्वशासी समिति की सामान्य सभा की बैठक स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई।
बैठक में मरीजों को तत्काल और निर्बाध स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने को प्राथमिकता देते हुए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए।

स्वास्थ्य सेवाओं में देरी नहीं होगी

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि किसी भी मरीज को उपचार के इंतजार में नहीं रहना चाहिए।
उन्होंने मेडिकल कॉलेज के विभिन्न विभागों के लिए आवश्यक उपकरण, रिएजेंट, केमिकल और डिस्पोज़ेबल सामग्री की त्वरित खरीद के लिए अधिष्ठाता को आर्थिक अधिकार देने का निर्णय अनुमोदित किया, जिससे आपात स्थिति में सामग्री तुरंत खरीदी जा सकेगी।

पेट सीटी स्कैन और गामा कैमरा सुविधा तीन महीने में

समिति ने निर्देश दिया कि PET CT Scan और Gamma Camera की नयी सुविधा अधिकतम 3 महीने के भीतर प्रारंभ की जाए, जिससे गंभीर बीमारियों की जांच तेजी से संभव होगी।
इसी के साथ इंप्रेशन मनी की सीमा ₹10 हजार से बढ़ाकर ₹1 लाख कर दी गई।

मरम्मत व रखरखाव के लिए अस्पताल को स्वायत्त अधिकार

अस्पताल में आवश्यक छोटे-मोटे मरम्मत कार्यों के लिए ऑटोनॉमस फंड के उपयोग की अनुमति प्रदान की गई।

नया छात्रावास जल्द होगा शुरू

200 मेडिकल छात्रों के लिए चयनित छात्रावास भवन के संचालन पर समिति ने सहमति दी।
साथ ही डीकेएस अस्पताल के एमसीएच हॉस्टल का शुल्क ₹5000 से घटाकर ₹2500 प्रति माह कर दिया गया।

एमआरआई और सीटी स्कैन की नई शुल्क व्यवस्था

मरीजों के हित में जांच दरों को पुनरीक्षित किया गया।

मरीज श्रेणी MRI शुल्क CT Scan शुल्क
APL (गरीबी रेखा से ऊपर) ₹2000 ₹1000
BPL एवं 60 वर्ष से अधिक उम्र निःशुल्क निःशुल्क
अस्पताल में भर्ती APL & BPL दोनों दोनों जांच निःशुल्क दोनों जांच निःशुल्क

बैठक में शामिल प्रमुख प्रतिनिधि

बैठक में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी,
स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया, संभाग आयुक्त महादेव प्रसाद कांवरे,
आयुक्त चिकित्सा शिक्षा शिखा राजपूत तिवारी,
सीजीएमएससी प्रबंध संचालक रितेश अग्रवाल,
डीकेएस व मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।