जामुल गोलीकांड का खुलासा: 6 आरोपी गिरफ्तार, बदले की भावना में दी गई वारदात को अंजाम

जामुल/ ईदगाह के सामने घासीदास नगर, जामुल में 14 नवंबर की शाम हुई फायरिंग की घटना में पुलिस ने बड़ी सफलता प्राप्त की है। मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि शेष आरोपियों की तलाश जारी है। जांच में यह बड़ा खुलासा हुआ है कि गोलीबारी पुरानी रंजिश और बदले की भावना के चलते की गई थी।

ऐसे दिया गया घटना को अंजाम

दिनांक 14/11/2025 शाम करीब 6:30 बजे प्रार्थी विकास प्रजापति (उम्र 26 वर्ष, निवासी संतोषी पारा, कैंप-2 छावनी) को अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल पर संपर्क कर बर्थडे इवेंट मैनेजमेंट का कार्य बताकर ईदगाह के पास बुलाया।
विकास वहां इंतजार कर रहा था, तभी मोटरसाइकिल में दो युवक पहुंचे और बोले – “तू शिवम साव की हत्या में शामिल था”। इसके बाद आरोपियों ने पिस्टल से फायरिंग कर हत्या का प्रयास किया। गोली विकास के दाहिने कान के पास से गुजर गई, जिससे उसकी जान बच गई।

फायरिंग के बाद दोनों हमलावर बाइक से फरार हो गए। घटना की रिपोर्ट पर थाना जामुल में अपराध क्रमांक 911/2025, धारा 109(1) BNS के तहत अपराध दर्ज किया गया।

हत्या के पुराने मामले का मिला कनेक्शन

जांच में पता चला कि दिसंबर 2024 में शिवम साव की हत्या में 05 आरोपी जेल जा चुके हैं। इस घटना का बदला लेने के लिए शिवम साव का चचेरा भाई करण साव ने साजिश रची। पूछताछ में करण साव ने बताया कि उसने बिहार शरीफ से भाड़े के तीन शूटर बुलाए, जिन्हें वाहन, बाइक और सीम कार्ड उपलब्ध कराए गए। उन्होंने ही विकास प्रजापति को फोन कर बुलाया और फायरिंग की घटना को अंजाम दिया।

इन 6 आरोपियों को किया गया गिरफ्तार

क्रमांक आरोपी का नाम उम्र पता
1 करण साव 27 वर्ष बैकुंठधाम छावनी
2 ऋषभ त्रिलोचन साव 21 वर्ष बैकुंठधाम छावनी
3 संजय साव 58 वर्ष बैकुंठधाम छावनी
4 संतोष साव 58 वर्ष बैकुंठधाम छावनी
5 विनय कुमार साव 66 वर्ष बैकुंठधाम छावनी
6 सुमीत कुमार शाह 21 वर्ष कैंप-2 छावनी

गिरफ्तार आरोपियों को आज 17 नवंबर 2025 को न्यायालय में पेश कर दिया गया है। मामले में शामिल शूटरों के लिए विशेष पुलिस टीम रवाना की गई है।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

घटना के बाद थाना जामुल और ACCU टीम तुरंत सक्रिय हुई और तकनीकी व मुखबिर तंत्र के आधार पर बड़ी सफलता हासिल की।

शेष फरार आरोपियों की तलाश जारी, जल्द होगी गिरफ्तारी।