पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बड़ी वारदात टली, आदतन अपराधी आरोपी को पुलिस ने दबोचा, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल

भिलाई-3/ दुर्ग जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अवैध हथियारों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना पुरानी भिलाई पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक आदतन अपराधी को बटनदार चाकू सहित गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से शहर में संभावित बड़ी घटना टल गई।

मुखबिर की सूचना पर हुई त्वरित कार्रवाई

दिनांक 29 अक्टूबर 2025 को थाना पुरानी भिलाई पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि नूतन चौक, मरघट रोड बाड़ी के पास एक व्यक्ति बटनदार चाकू लहराते हुए आमजन को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के निर्देशन में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

टीम ने देखा कि राहुल साहू पिता नोहर साहू, उम्र 22 वर्ष, निवासी गतवा तालाब वार्ड क्रमांक 11, थाना पुरानी भिलाई अपने हाथ में बटनदार चाकू लेकर आम लोगों को भयभीत कर रहा था।

आरोपी से हथियार जब्त, अपराध दर्ज

पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को मौके पर पकड़ लिया। उसके कब्जे से एक बटनदार चाकू जब्त किया गया। आरोपी के इस कृत्य पर आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।

विधिवत प्रक्रिया के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

आरोपी निकला आदतन अपराधी

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी राहुल साहू एक आदतन अपराधी है और पूर्व में भी मारपीट एवं अन्य आपराधिक मामलों में संलिप्त रह चुका है।

थाना पुरानी भिलाई पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी घटना को घटित होने से रोका जा सका।

थाना पुरानी भिलाई पुलिस टीम की सक्रियता से फिर साबित हुआ कि दुर्ग पुलिस अपराध पर नकेल कसने के लिए पूर्णतः तत्पर है।