जुए के फड़ पर हुआ खूनी विवाद: 100 रुपये के झगड़े में युवक की चाकू मारकर हत्या, दो आरोपी सलाखों के पीछे
रायपुर/ राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में रविवार देर रात जुए के फड़ पर हुए मामूली विवाद ने एक युवक की जान ले ली। महज़ 100 रुपये के लेन-देन को लेकर शुरू हुआ झगड़ा देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोपियों ने युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी।
जुए के फड़ पर शुरू हुआ विवाद
घटना भाठागांव बीएसयूपी कॉलोनी की बताई जा रही है, जहां कुछ लोग देर रात जुए का फड़ जमा कर बैठे थे। इसी दौरान ताहिर हुसैन नामक युवक का वहां मौजूद कुछ लोगों से 100 रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया।
चाकू से किया गया हमला, मौके पर मची अफरा-तफरी
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने ताहिर पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को आसपास के लोगों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार
हत्या की खबर मिलते ही पुरानी बस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की और कुछ ही घंटों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना की पूरी पृष्ठभूमि और अन्य संभावित आरोपियों का पता लगाया जा सके।
क्षेत्र में फैली सनसनी
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस इलाके में लंबे समय से गुपचुप तरीके से जुए के फड़ संचालित हो रहे हैं। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और पुलिस ने इलाके में गश्त तेज कर दी है।

