भिलाई-3 में नशीली सिरप की बड़ी खेप पकड़ी गई, दो आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग/भिलाई/ थाना पुरानी भिलाई पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 नग Glankof-T कोडीन फॉस्फेट ट्रायप्रोलिडीन हाइड्रोक्लोराइड सिरप बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

थाना प्रभारी के निर्देश पर उपनिरीक्षक रामनारायण ध्रुव ने कार्रवाई को अंजाम दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अपराध क्रमांक 392/25 धारा 109(1), 132, 221 बीएनएस की विवेचना के दौरान आरोपी नीरज वर्मा (27 वर्ष) निवासी रायपुरा, रायपुर ने अपने मेमोरेण्डम में बताया कि वह अपने चचेरे भाई ऋषभ वर्मा (27 वर्ष) निवासी नवागांव, पाटन के साथ कार स्विफ्ट क्रमांक CG-04-QK-5678 से चरोदा रेल विहार से “बाबा” नामक व्यक्ति से नशीली दवाई लेकर आया था।

पुलिस ने पकड़ा सिरसा गेट के पास

दोनों आरोपी जब कार में नशीली दवाई लेकर नवागांव पाटन जा रहे थे, उसी दौरान सिरसा गेट के पास ट्रैफिक पुलिस ने उन्हें रोक लिया। पूछताछ के दौरान संदिग्ध जानकारी मिलने पर थाना पुरानी भिलाई पुलिस को सूचित किया गया।

पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर विधिवत तलाशी ली। कार की आगे की सीट के नीचे रखी सफेद प्लास्टिक बोरी से 25 नग Glankof-T सिरप (प्रत्येक 100 एमएल, कुल 2500 एमएल) बरामद हुए।

औषधि निरीक्षक ने की पहचान

बरामद सिरप की पहचान के लिए औषधि निरीक्षक जागेश्वरी साहू को बुलाया गया, जिन्होंने जांच के बाद पुष्टि की कि बरामद सिरप कोडीन फॉस्फेट युक्त नशीली औषधि है। औषधि निरीक्षक ने मौके पर ही पहचान पंचनामा तैयार कर रिपोर्ट प्रस्तुत की।

कानूनी कार्यवाही

बरामदगी के बाद पुलिस ने नशीली औषधि को गवाहों की मौजूदगी में शीलबंद किया और जप्ती पंचनामा तैयार किया। दोनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) के तहत गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी की कार्रवाई क्रमशः समय 23:40 व 23:45 बजे की गई।

जप्ती एवं गिरफ्तारी की सूचना तत्काल मजिस्ट्रेट महोदय को भेजी गई है।

जप्त सामग्री

  • Glankof-T Codeine Phosphate Syrup – 25 नग (100 एमएल प्रत्येक)
  • कुल मात्रा – 2500 एमएल
  • वाहन – स्विफ्ट कार CG-04-QK-5678

कार्यवाही में शामिल अधिकारी

  • उपनिरीक्षक – रामनारायण ध्रुव
  • थाना प्रभारी – पुरानी भिलाई
  • औषधि निरीक्षक – जागेश्वरी साहू
  • उपस्थित गवाह – अमित लहरे, अनुराग जैन

नशे के खिलाफ पुलिस का सख्त रुख

थाना पुरानी भिलाई पुलिस ने कहा कि नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। ऐसे मामलों में किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।