नगर निगम के कचरा ट्रक ने ली दो जिंदगियां, दुर्ग में दर्दनाक सड़क हादसा
दुर्ग/ शहर के पटेल चौक इलाके में बुधवार रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। नगर निगम की कचरा गाड़ी ने स्कूटी सवार तीन युवाओं को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवती घायल हो गई।
पटेल चौक में हुआ हादसा, रात 10:30 बजे मचा हड़कंप
घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के पटेल चौक, कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने रात करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, स्कूटी क्रमांक CG-07-CY-5899 पर तीन लोग सवार थे — खिलेश्वर साहू (25) और सलमा (25) दोनों अटल आवास क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी साथी कुमोदनी गोड़ घायल हुईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
नगर निगम की कचरा गाड़ी ने रौंदी स्कूटी
हादसे में शामिल वाहन नगर निगम दुर्ग की कचरा ढोने वाली गाड़ी (क्रमांक CG-07-CZ-4314) थी, जो पुलगांव से मालवीय रोड की ओर जा रही थी। बताया जा रहा है कि पटेल चौक पर सिग्नल के दौरान गाड़ी ने स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सड़क पर मृतकों के जूते, बैग और अन्य सामान बिखरे पड़े थे।
अंदरूनी चोटों से हुई मौत, ड्राइवर हिरासत में
पुलिस ने बताया कि दोनों की मौत अंदरूनी गंभीर चोटों के कारण हुई। हादसे के तुरंत बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने नगर निगम का ट्रक जब्त कर लिया है और चालक को हिरासत में लेकर मेडिकल जांच कराई जा रही है।
डीएसपी भारती मरकाम ने दी जानकारी
डीएसपी भारती मरकाम ने बताया कि तीनों युवक-युवतियां देर रात शहर घूमने निकले थे। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया।
प्रारंभिक जांच में चालक की लापरवाही सामने आई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
शहर में फिर गूंजा सवाल – सुरक्षित हैं क्या नगर निगम के वाहन?
इस हादसे के बाद एक बार फिर नगर निगम के वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और ड्राइवरों की जवाबदेही पर सवाल उठने लगे हैं। रात के समय तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे निगम वाहनों को लेकर लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है।



