युवक पर जानलेवा हमला: इलाज के दौरान तोड़ा दम, पुलिस जांच में जुटी

रायपुर/ राजधानी रायपुर के फाफाडीह इलाके में एक युवक पर हुए हमले का मामला अब हत्या में बदल गया है। इलाज के दौरान घायल युवक की मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।

मृतक की पहचान हुई, उत्तरप्रदेश का रहने वाला था युवक

मृतक का नाम बलराम सोनी (19 वर्ष) पिता अमरीश सोनी है। मूल रूप से कर्वी, चित्रकूट (उत्तरप्रदेश) का निवासी बलराम अपने साथी अंकित सोनी के साथ साहूपारा, डिम्पल होटल गली, फाफाडीह में रहता था। वह रोजाना फाफाडीह रोड पर इडली-डोसा का ठेला लगाकर जीविका चलाता था।

रात में लौटते समय अज्ञात युवकों ने किया हमला

जानकारी के अनुसार, 3 अक्टूबर की रात बलराम अपने ठेले से घर लौट रहा था। इसी दौरान आनंद गारमेंट्स के पास कुछ अज्ञात युवकों ने उसे रोक लिया। थोड़ी देर तक गाली-गलौज के बाद आरोपियों ने लाठी-डंडे और धारदार हथियारों से बलराम पर हमला कर दिया।
हमले में उसके सिर, माथे और नाक पर गंभीर चोटें आईं और वह सड़क पर बेसुध होकर गिर पड़ा।

सुबह सड़क किनारे घायल मिला बलराम

अगले दिन जब ठेला नहीं खुला तो साथी अंकित सोनी ने तलाश शुरू की। इसी दौरान बलराम सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। परिजनों ने उसे तुरंत मेकाहारा अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस

घटना के बाद गंज थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
पीड़ित के भाई ने बताया कि बलराम ने होश में आने पर इतना कहा था कि हमलावर पहले से सड़क पर खड़े थे और बिना किसी कारण हमला कर फरार हो गए।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने और स्थानीय गवाहों से पूछताछ कर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेंगे और राज़

मेकाहारा अस्पताल से पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस को चोटों की प्रकृति और हमले के क्रम की जानकारी मिल सकेगी। वहीं, फाफाडीह क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।