फटाका दुकानदारों की दुर्ग पुलिस ने ली बैठक, सुरक्षा और नियमों के पालन पर दिए सख्त निर्देश, अग्निशमन व्यवस्था अनिवार्य

दुर्ग/ दीपावली पर्व के मद्देनज़र फटाका दुकानों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री विजय अग्रवाल के निर्देश पर दुर्ग पुलिस नियंत्रण कक्ष सभाकक्ष में जिले के सभी फटाका व्यवसायियों की बैठक आयोजित की गई।

इस बैठक में फटाका दुकानदारों को सुरक्षा एवं नियमों के पालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

वैध लाइसेंस और मानक फटाखों की बिक्री अनिवार्य

बैठक में सभी दुकानदारों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि उनके पास वैध फटाका लाइसेंस होना आवश्यक है। अनुज्ञप्ति की सभी शर्तों का अक्षरशः पालन किया जाए।
दुकानदार केवल मानक के अनुरूप और निर्धारित मात्रा में ही स्टॉक रखें तथा असुरक्षित या अवैध पटाखों की बिक्री बिल्कुल न करें।

अग्निशमन और सुरक्षा इंतज़ाम जरूरी

सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि

  • प्रत्येक दुकान में अग्निशामक यंत्र, पानी और रेत की पर्याप्त व्यवस्था हो।
  • दुकानों के आसपास ट्रांसफार्मर या बिजली के खुले तार न हों।
  • सभी बिजली कनेक्शन सुरक्षित रूप से टेप किए गए हों।

ग्रीन फटाखों और सीसीटीवी पर भी जोर

छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के निर्देशानुसार, दुकानदारों को केवल ग्रीन फटाखे ही विक्रय करने को कहा गया।
इसके साथ ही हर दुकान में सीसीटीवी कैमरा अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में निगरानी की जा सके।

आपात स्थिति में तुरंत दें सूचना

सभी फटाका दुकानदारों को निर्देश दिया गया कि वे अपने पास संबंधित थाने और पुलिस नियंत्रण कक्ष का संपर्क नंबर रखें।
आपात स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 112 पर सूचना देने को कहा गया है।

पुलिस का उद्देश्य – सुरक्षित और शांतिपूर्ण दीपावली

पुलिस प्रशासन ने कहा कि इन उपायों का उद्देश्य जनसुरक्षा सुनिश्चित करना और दीपावली पर्व को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और दुर्घटनामुक्त बनाना है।
दुर्ग पुलिस ने दुकानदारों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि नियमों के पालन से ही सभी की सुरक्षा संभव है।