कट्टा दिखाकर डराने वाले तीन आरोपी दबोचे गए, देशी कट्टा और कार सहित गिरफ्तार

दुर्ग/ थाना मोहन नगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कट्टा दिखाकर लोगों को डराने-धमकाने वाले तीन आरोपियों को दबोच लिया है। आरोपियों के कब्जे से एक देशी कट्टा, जिंदा कारतूस, एक बलेनो कार और पाँच मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। सभी आरोपियों को आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

घटना का विवरण

थाना मोहन नगर को मुखबिर से सूचना मिली कि धमधा रोड क्षेत्र में एक बलेनो कार में सवार कुछ युवक देशी कट्टा लेकर लोगों को डरा-धमका रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर रवाना हुई और बताए गए स्थान पर कार का घेराबंदी कर तीनों संदिग्धों को हिरासत में लिया गया।

तलाशी के दौरान उनके पास से एक देशी कट्टा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी टालमटोल करने लगे, लेकिन पुलिस को पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर सभी को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी

  1. मनीष सोनी (37 वर्ष), निवासी कातुलबोर्ड, दुर्ग
  2. गुरूनाम सिंह उर्फ लक्की सरदार (28 वर्ष), निवासी आदित्य नगर, दुर्ग
  3. लव कुमार रामटेके (29 वर्ष), निवासी ममता नगर, राजनांदगांव

जप्त सामग्री

  • एक बलेनो कार
  • एक देशी कट्टा
  • जिंदा कारतूस
  • पाँच मोबाइल फोन

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है। तीनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।