भिलाई-दुर्ग में चोरों का तांडव: छह जगहों पर चोरी, लैपटॉप से लेकर मोटरसाइकिल और नगदी तक उड़ा ले गए चोर

भिलाई/दुर्ग// शहर में इन दिनों चोरों के हौसले बुलंद हैं। बीते तीन दिनों में भिलाई, दुर्ग और आसपास के इलाकों से लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। कहीं आईटी इंजीनियर का लैपटॉप चोरी हुआ, तो कहीं सरकारी ऑफिस से कंप्यूटर और प्रिंटर गायब हो गए। वहीं, कई घरों और दुकानों में भी सेंधमारी की घटनाएं हुईं। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इंजीनियर का लैपटॉप लेकर फरार हुआ चोर

भिलाई निवासी टाटा फणींद्रा, जो एपी मोलार मस्क कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं, ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 6 अक्टूबर को वे अपने घर पर लैपटॉप में ऑफिस का काम कर रहे थे। काम खत्म करने के बाद वे नहाने चले गए। इस दौरान घर का दरवाजा खुला था और मां दूसरे कमरे में सो रही थीं। कुछ देर बाद लौटने पर उन्होंने देखा कि उनका HP Elitebook 860 G11 लैपटॉप (सीरियल नंबर 5CG4453J13) बिस्तर से गायब था। अज्ञात चोर दरवाजे से घुसकर लैपटॉप चोरी कर ले गया। मामला भिलाई भट्टी थाना में दर्ज किया गया है।

 बिजली विभाग के ऑफिस से चोरी — 15 साल का डाटा भी गया

नगर संभाग (पश्चिम), सेक्टर-08, भिलाई स्थित बिजली विभाग के ऑफिस से भी चोरी की वारदात सामने आई है।
मनीष चंद्रवंशी, सहायक अभियंता, ने रिपोर्ट में बताया कि 5 अक्टूबर की रात अज्ञात चोरों ने ऑफिस की खिड़की का जाली काटकर अंदर प्रवेश किया और 05 मॉनिटर, 08 CPU, 06 UPS, 01 प्रिंटर और 01 इंडक्शन चूल्हा चोरी कर ले गए। चोरी गए सिस्टम में 15 साल का महत्वपूर्ण डाटा संधारित था। चोरी का अनुमानित मूल्य 50,000 रुपए है। मामला भिलाई नगर थाना में दर्ज है।

सुपेला में बाइक चोरी, अंडा करी खरीदने गया युवक लौटा तो गायब थी गाड़ी

किशन साहू, निवासी आदर्श पारा सुपेला, जो बिजली मिस्त्री हैं, ने बताया कि 4 अक्टूबर की रात वे बबीना बार के सामने अपनी हीरो स्प्लेंडर (CG07BV9373) खड़ी कर अंडा करी खरीदने गए थे। जब लौटे तो बाइक गायब थी। काफी खोजबीन के बाद भी गाड़ी का पता नहीं चला। चोरी गए वाहन की कीमत करीब 15,000 रुपए बताई गई है। मामला थाना सुपेला में दर्ज हुआ है।

 आर्य नगर से पुरानी बाइक चोरी

संजीत कुमार वर्मा, सउनि पदस्थ थाना सुपेला, ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 3 अक्टूबर की रात उन्होंने अपनी हीरो होंडा स्प्लेंडर (CG07K9549) को शीतला तालाब स्थित घर के बाहर खड़ा किया था। थोड़ी देर बाद बाहर निकले तो बाइक गायब थी। वाहन की अनुमानित कीमत 8,000 रुपए बताई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

किसान के घर में सेंधमारी — 47 हजार की चोरी

खेमलाल मधुकर, निवासी ग्राम नाहंदा, 4 अक्टूबर की दोपहर घर में ताला लगाकर परिवार सहित अपनी सास से मिलने गए थे। 5 अक्टूबर की शाम लौटने पर देखा कि घर के ताले टूटे हुए हैं। संदूक और गुल्लक खुले पड़े थे। घर से नकद 42,000 रुपए और करीब 5,000 रुपए के चांदी के आभूषण, कुल मिलाकर 47,000 रुपए का सामान चोरी हो गया। घटना उतई थाना क्षेत्र की है।

 दुकान का ताला तोड़कर 14 हजार की चोरी

राकेश मिश्रा, निवासी कसारीडीह, ने बताया कि उनकी “प्रीति श्रृंगार एवं जनरल स्टोर्स” में चोरी हुई है। 5 अक्टूबर को उन्होंने दुकान में ताला लगाकर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह किरायेदार ने फोन कर बताया कि दुकान का शटर खुला है। मौके पर पहुंचकर देखा तो शटर का ताला टूटा हुआ था और दुकान से 30-40 फेसवॉश (किंमत लगभग ₹4,000) और ₹10,000 नकद, कुल ₹14,000 की चोरी हुई। मामला पद्मनाभपुर थाना में दर्ज किया गया है।

 पुलिस ने सभी मामलों में जांच शुरू की

भिलाई और दुर्ग पुलिस ने सभी मामलों में अज्ञात चोरों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लगातार हो रही चोरियों से लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने और घर-दुकान के आसपास संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत थाने में देने की अपील की है।