रायपुर में अशोका हॉस्पिटल पर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई: मेडिकल वेस्ट बाहर फेंकने पर 50 हजार का जुर्माना
रायपुर/ राजधानी रायपुर के पंडरी स्थित अशोका हॉस्पिटल पर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए ₹50,000 का जुर्माना ठोका है। अस्पताल पर आरोप है कि उसने मेडिकल वेस्ट और दूषित जल का सही निस्तारण न करते हुए उसे बाहर फेंक दिया, जिससे आसपास के क्षेत्र में संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया था।
जनशिकायत के बाद निगम की टीम पहुंची मौके पर
नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग को इस संबंध में स्थानीय लोगों की ओर से शिकायत मिली थी कि अस्पताल के पास गंदा और बदबूदार पानी लगातार बह रहा है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त के निर्देश पर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रीति पाणिग्रही के नेतृत्व में निरीक्षण दल को मौके पर भेजा गया।
जांच में मिली लापरवाही की पुष्टि
निरीक्षण के दौरान टीम ने पाया कि अशोका हॉस्पिटल परिसर के सामने वेस्ट पाइपलाइन टूटी हुई थी, जिससे सीधे अस्पताल का दूषित जल बाहर सड़क पर रिस रहा था। इससे न केवल पर्यावरण प्रदूषित हो रहा था, बल्कि संक्रमण फैलने का भी खतरा था।
निगम का सख्त रुख — सुधार नहीं किया तो होगी सीलिंग
स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पाणिग्रही ने बताया कि संक्रमण की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन पर ₹50,000 का जुर्माना लगाया गया है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अस्पताल प्रशासन जल्द ही स्थिति में सुधार नहीं करता है, तो सीलबंद करने की कार्रवाई की जाएगी।
जनस्वास्थ्य की अनदेखी पर निगम का सख्त संदेश
नगर निगम ने साफ किया है कि शहर में किसी भी अस्पताल या क्लिनिक को मेडिकल वेस्ट प्रबंधन के नियमों की अवहेलना करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। ऐसे मामलों में आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी ताकि जनस्वास्थ्य और पर्यावरण सुरक्षा से कोई समझौता न हो।



