चिट्टा बेचने वाले तस्कर गिरोह की सप्लाई चेन ध्वस्त — तीन और आरोपी गिरफ्तार, अब तक 24 आरोपियों की गिरफ्तारी, पंजाब से जुड़ रहे हैं तार

मोबाइल जब्त, पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त कार्रवाई जारी

दुर्ग/ जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “विश्वास” के तहत एक बार फिर दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चिट्टा (हेरोइन) तस्करी में शामिल एक संगठित गिरोह के तीन और सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

इससे पहले इस नेटवर्क से जुड़े 21 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अब तक कुल 24 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।

पंजाब से दुर्ग-भिलाई तक फैला था नेटवर्क

थाना मोहन नगर के अपराध क्रमांक 460/2025, धारा 20(ख), 27(क), 27 एनडीपीएस एक्ट एवं 111(2)(ख) बीएनएस 2023 के तहत दर्ज प्रकरण में जांच के दौरान यह सामने आया कि आरोपी आपस में संगठित होकर पंजाब से चिट्टा (हेरोइन) मंगवाते और दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में इसकी अवैध बिक्री करते थे।

आरोपी वॉट्सऐप कॉल और ऑनलाइन पेमेंट माध्यमों से एक-दूसरे से संपर्क में रहते और नशे की खरीद-बिक्री के लिए पूरी सप्लाई चैन बना रखी थी। पुलिस को इनके विरुद्ध ठोस सबूत मिले हैं।

तीन नए आरोपी गिरफ्तार, 5 मोबाइल फोन जब्त

आज दिनांक 06 अक्टूबर 2025 को पुलिस ने तीन और आरोपियों को उनके भिलाई स्थित निवास से गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों से 5 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं, जिनका उपयोग नशे के अवैध लेन-देन में किया जा रहा था।

गिरफ्तार आरोपी

  1. आशीष सिंह उर्फ मुज्जी, निवासी कुरूद, थाना जामुल
  2. लोकेश अवस्थी उर्फ लल्ली, निवासी देवार मोहल्ला, खुर्सीपार
  3. अजय सोनी, निवासी हाउसिंग बोर्ड, थाना जामुल

इन तीनों आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल (भा.पु.से.) के निर्देश पर जिले में नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए “विश्वास अभियान” के तहत लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

इस कार्यवाही में थाना मोहन नगर पुलिस एवं एसीसीयू टीम की संयुक्त भूमिका रही, जिन्होंने चिट्टा तस्करों के नेटवर्क को ध्वस्त करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

अभियान जारी रहेगा

दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ यह जंग रुकने वाली नहीं है। जिले में सक्रिय सभी नशा तस्करों की पहचान की जा रही है और उन्हें जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

रिपोर्ट — www.alertchhattisgarh.com न्यूज़