रायपुर इस्पात फैक्ट्री में बड़ा हादसा: लोहे का शेड गिरने से 6 मजदूरों की मौत, कई गंभीर
रायपुर/धरसींवा/ सिलतरा स्थित गोदावरी पावर एंड इस्पात फैक्ट्री में शुक्रवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। अचानक लोहे का भारी शेड मजदूरों पर गिर पड़ा, जिससे फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 6 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है।
हादसा कैसे हुआ?
सूत्रों के अनुसार, टेंपरेचर कंट्रोल मशीन में तकनीकी खराबी आ गई थी। मेंटेनेंस कार्य के बाद मशीन चालू नहीं होने पर मजदूर और तकनीकी स्टाफ जांच करने पहुंचे थे। तभी अचानक ऊपर से कंट्रोल शटर के साथ लोहे का बड़ा और गर्म शेड गिर पड़ा। इसकी चपेट में आने से कई मजदूर बुरी तरह झुलस गए और मौके पर ही घायल हो गए।
मलबे में दबे मजदूरों का रेस्क्यू
हादसे के बाद कई मजदूर शेड के नीचे दब गए। साथी मजदूरों ने तत्काल उन्हें निकालने की कोशिश की। पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और पीछे की दीवार तोड़कर दो दर्जन से ज्यादा मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला। मुख्य गेट पर भारी भीड़ होने के कारण वैकल्पिक रास्ते का इस्तेमाल किया गया।
ग्रामीणों और क्रांति सेना का हंगामा
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्रांति सेना के सदस्य फैक्ट्री गेट पर पहुंच गए। उन्होंने प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर प्रदर्शन किया। गुस्साए लोगों और फैक्ट्री सुरक्षा कर्मियों के बीच कहासुनी की नौबत तक आ गई। हालात को काबू में रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।
प्रशासन की तत्परता
हादसे की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। फिलहाल मृतकों और घायलों के नामों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। बताया जा रहा है कि हादसे की सूचना परिजनों को देर से देने से आक्रोश और बढ़ गया है।
प्रबंधन और प्रशासन का बयान
फैक्ट्री प्रबंधन ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि घायलों का पूरा इलाज कंपनी की ओर से कराया जाएगा और मृतकों के परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाएगा।
वहीं, जिला प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि हादसे की परिस्थितियों की गहन जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।



