इंस्टाग्राम पर फर्जी ज्योतिषी का जाल : छात्र से पूजा-पाठ के नाम पर 1.59 लाख की ठगी

दुर्ग/ ऑनलाइन ठगी का एक नया मामला सामने आया है, जहां इंस्टाग्राम पर ज्योतिष और तंत्र-मंत्र का झांसा देकर एक छात्र से 1.59 लाख रुपए हड़प लिए गए। पीड़ित की शिकायत पर सुपेला थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

इंस्टाग्राम आईडी से हुआ संपर्क

पीड़ित छात्र, जो इंदिरा नगर सुपेला में रहकर पढ़ाई करता है, ने 8 सितंबर को इंस्टाग्राम पर ‘Astrologer Kinnar Gurumata’ नाम की आईडी देखी। इसमें घरेलू समस्याओं का समाधान तंत्र-विद्या और पूजा-पाठ से करने का दावा किया गया था। छात्र ने उत्सुकतावश उस आईडी पर संदेश भेजा, जिसके बाद आरोपी ने उसे मोबाइल नंबर देकर कॉल करने को कहा।

पूजा के नाम पर शुरू हुआ पैसों का खेल

फोन पर बातचीत के दौरान आरोपी ने कहा कि विशेष पूजा कराने पर उसकी समस्या का समाधान होगा। इसके लिए 2250 रुपए का खर्च बताया गया। छात्र ने भरोसा कर आरोपी के बताए UPI आईडी (asing6977@oksbi) पर 1300 और 1000 रुपए भेज दिए।

बार-बार नए बहाने बनाकर वसूले रुपए

इसके बाद आरोपी ने लगातार वीडियो कॉल पर पूजा दिखाने का नाटक किया और बार-बार पैसे भेजने के लिए कहा। कभी उज्जैन में पूजा कराने का हवाला दिया, तो कभी भैरव पूजा और भंडारे का बहाना बनाया। इतना ही नहीं, सोने का चूड़ा भेजने का झांसा देकर गाड़ी का किराया भी छात्र से वसूल लिया।

कुल 1.59 लाख रुपए की ठगी

8 से 17 सितंबर के बीच अलग-अलग बहानों से छात्र से कई बार पैसे मंगाए गए। इस तरह कुल मिलाकर 1,59,900 रुपए आरोपी ने हड़प लिए। छात्र को जब शक हुआ और कोई समाधान नजर नहीं आया, तो उसने तुरंत पुलिस से शिकायत की।

पुलिस जांच में जुटी

सुपेला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और साइबर सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन व बैंक ट्रांजेक्शन का ब्यौरा निकाला जा रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसे फर्जी विज्ञापनों और अंधविश्वास के झांसे में न आएं और किसी भी अज्ञात व्यक्ति को ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करने से बचें।