रेत ठेका दिलाने के नाम पर करोड़ों की ठगी, पेट्रोल पंप मालिक से 1.69 करोड़ हड़पे, एक आरोपी गिरफ्त में

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही/ कारोबार से जुड़े लोगों को झांसा देकर ठगी के नए मामले अब तेजी से सामने आ रहे हैं। इसी कड़ी में मरवाही में एक सनसनीखेज मामला उजागर हुआ है, जहां रेत ठेका दिलाने का लालच देकर पेट्रोल पंप संचालक से 1 करोड़ 69 लाख रुपये की ठगी की गई।

कई महीनों तक चलता रहा ठगी का खेल

मरवाही के पेट्रोल पंप मालिक अमित गुप्ता ने पुलिस को बताया कि आरोपी लंबे समय से उन्हें भरोसे में लेकर ठगी की साजिश रच रहे थे। पहले तो आरोपियों ने छोटी रकम उधार लेकर समय पर चुका दी, जिससे उनका विश्वास जीत लिया। इसके बाद उन्होंने रेत का बड़ा वर्क ऑर्डर दिलाने का लालच दिया और धीरे-धीरे करोड़ों की रकम हड़प ली।

फर्जी वर्क ऑर्डर और जाली दस्तावेज बने हथियार

पुलिस जांच में सामने आया है कि सभी आरोपी मध्यप्रदेश के रहने वाले हैं। आरोपियों ने वर्क ऑर्डर से जुड़े फर्जी दस्तावेज तैयार कर पीड़ित को दिखाए और इसी बहाने कई किश्तों में मोटी रकम वसूली। करीब 6 महीने तक यह सिलसिला जारी रहा, लेकिन किसी भी तरह का रेत ऑर्डर पीड़ित को नहीं मिला।

ठिकानों पर जाकर खुला राज

काफी इंतजार के बाद जब अमित गुप्ता को काम नहीं मिला, तो उन्होंने आरोपियों के बताए ठिकानों पर जाकर जांच की। वहां न तो कोई कंपनी थी और न ही वर्क ऑर्डर से जुड़े लोग। तभी उन्हें एहसास हुआ कि उनके साथ ठगी हो चुकी है। इसके बाद उन्होंने सीधे मरवाही थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस की कार्रवाई और धाराएं

शिकायत के आधार पर मरवाही पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने इस मामले में बीएनएस की धारा 318(4), 336(4), 338, 340(2) और 61(2)(a) के तहत केस दर्ज किया है।

पीड़ित की व्यथा

पीड़ित पेट्रोल पंप मालिक अमित गुप्ता ने बताया –
“मेरे साथ लंबे समय से धोखाधड़ी का खेल चल रहा था। मैंने 1.69 करोड़ रुपये दिए, लेकिन न तो रेत का वर्क ऑर्डर मिला और न ही कोई काम शुरू हुआ।”