गोल बाजार में भीषण आग से हड़कंप, चार दुकानें जलीं

बिलासपुर/ शहर के व्यस्ततम इलाके गोल बाजार में मंगलवार देर रात अचानक आग भड़क उठी। आगजनी की इस घटना से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने चार दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। यह मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

दुकानों को निगल गई लपटें

जानकारी के मुताबिक, गोल बाजार स्थित अपना लॉज परिसर की दुकानों से अचानक धुआं उठने लगा। कुछ ही देर में लपटें इतनी तेज़ हो गईं कि वंदना हैंडलूम, मास्को शू, बालाजी ड्रायफ्रूट्स और महामाया बैग की दुकानें पूरी तरह से आग की चपेट में आ गईं।

दमकल और स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा

आगजनी की खबर मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। टीम ने कड़ी मशक्कत कर आग बुझाने की कोशिश शुरू की। इस दौरान स्थानीय लोग भी पुलिस व प्रशासनिक अमले के साथ मिलकर आग पर काबू पाने में जुटे रहे।

आग लगने का कारण अब तक अज्ञात

फिलहाल आग लगने की वजह साफ नहीं हो पाई है। हादसे में कितना नुकसान हुआ है, इसका आकलन प्रशासन और दुकान मालिकों द्वारा किया जा रहा है।