अयोध्या दर्शन से लौट रहे छत्तीसगढ़ के श्रद्धालुओं की बस हादसे का शिकार, चार की मौत, छह घायल

जौनपुर जिले में रविवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। वाराणसी-लखनऊ हाईवे पर श्रद्धालुओं से भरी डबल डेकर बस ट्रक से जा टकराई। हादसे में छत्तीसगढ़ के चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

देर रात हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, श्रद्धालुओं का दल अयोध्या दर्शन कर लौट रहा था और वाराणसी में बाबा काशी विश्वनाथ मंदिर दर्शन के लिए रवाना हुआ था। देर रात लगभग ढाई बजे जैसे ही बस बक्शा थाना क्षेत्र के कुल्हनामऊ के पास पहुंची, तभी सामने चल रहे ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। पीछे से आ रही डबल डेकर बस नियंत्रण खो बैठी और जोरदार टक्कर हो गई।

जान गंवाने वालों की पहचान

इस दर्दनाक हादसे में चार श्रद्धालुओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों में शामिल हैं–

  • आशा भवन (30 वर्ष), पत्नी अपरन भवन, निवासी पीवी-18, थाना गोंडा, जिला कांकेर
  • गुलाब, पत्नी कुशव साहू, निवासी अम्मीडीह टोला गांव, थाना डांगरगांव, जिला राजनांदगांव
  • दीपक (बस चालक) सहित अन्य एक श्रद्धालु

घायल श्रद्धालु

घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है। जिनकी पहचान इस प्रकार है–

  • सुधा मंडल (पीवी-18, थाना गोंडा, जिला कांकेर)
  • लखन दास (पीवी-18, थाना गोंडा, जिला कांकेर)
  • वीरेंद्र मंडल (पीवी-3, थाना गोंडा हूर, जिला कांकेर)
  • सोमेश साहू (ढाबा, जिला राजनांदगांव)
    सहित कुल छह लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

प्रशासन अलर्ट मोड पर

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ और जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने जिला अस्पताल जाकर घायलों के इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने अस्पताल प्रबंधन को सभी घायलों का बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

क्षेत्र में मातम का माहौल

अचानक हुए इस हादसे ने श्रद्धालुओं के परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया है। कांकेर और राजनांदगांव जिलों में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और मृतकों के परिजनों से संपर्क साधा जा रहा है।