रायपुर में वायरल हुआ न्यूड पार्टी का पोस्ट, पुलिस ने शुरू की जांच


रायपुर/ राजधानी रायपुर में सोशल मीडिया पर एक चौंकाने वाला पोस्ट वायरल हो गया है। इंस्टाग्राम पर यह दावा किया गया है कि शहर में शनिवार को कथित तौर पर न्यूड पार्टी (Nude Party) आयोजित होने वाली है। पोस्ट सामने आते ही पुलिस ने संज्ञान लिया और जांच शुरू कर दी है।
इंस्टाग्राम पोस्ट ने उड़ाए होश
यह पोस्ट “Sinful Writer1” नामक आईडी से डाला गया है। इसमें पार्टी का स्थान भी जिक्र किया गया है। खास बात यह है कि पोस्ट में 18+ कपल्स, युवतियों और महिलाओं की एंट्री की बात लिखी गई है। वायरल होते ही इस पोस्ट ने सोशल मीडिया पर सनसनी मचा दी है।
पहले भी हो चुके हैं विवादित आयोजन
राजधानी के क्लब और होटल कई बार विवादों में घिर चुके हैं। विधानसभा रोड स्थित एक क्लब में “फेक वेडिंग पार्टी” का आयोजन किया गया था, जिसका बजरंग दल समेत अन्य हिंदू संगठनों ने विरोध किया था। हंगामे के बाद पुलिस को क्लब संचालक पर अपराध दर्ज करना पड़ा था।
आधुनिकता की आड़ में मर्यादा पर चोट
शहर के कुछ आयोजक युवाओं को आकर्षित करने के लिए अजीबोगरीब हथकंडे अपनाते नजर आते हैं। कभी रक्षाबंधन जैसे पवित्र रिश्ते का मजाक बनाकर शराब परोसने की पेशकश की जाती है, तो कभी शादी जैसे संस्कारों के नाम पर फेक इवेंट आयोजित किए जाते हैं। पुलिस शिकायत मिलने पर कई बार ऐसे आयोजनों पर रोक भी लगाई गई है।
ड्रग्स और अवैध गतिविधियों का खतरा
सूत्रों के अनुसार, ऐसे आयोजनों के बहाने बड़े होटलों और क्लबों में ड्रग्स और अन्य अवैध गतिविधियों का चलन भी बढ़ रहा है। पुलिस की निगरानी लगातार बनी हुई है ताकि ऐसे मामलों पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।
पुलिस का बयान
एएसपी सिटी लखन पटले ने बताया—
“हमें सोशल मीडिया पर वायरल न्यूड पार्टी पोस्ट की जानकारी मिली है। फिलहाल यह जांच की जा रही है कि यह पोस्ट किसने और किस उद्देश्य से किया है। दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”




