जज के घर में दिनदहाड़े सेंधमारी, चांदी के बर्तन और CCTV कैमरा ले गए चोर

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही/ जिले में चोरी की वारदातें लगातार पुलिस की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं। ताजा मामला गौरेला थाना क्षेत्र के वीआईपी कॉलोनी का है, जहां न्यायाधीश सीमा जगदल्ला (न्यायिक मजिस्ट्रेट, प्रथम श्रेणी, पेंड्रारोड) के बंगले को चोरों ने दिनदहाड़े निशाना बनाया।

मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर की चोरी

यह घटना 3 सितंबर की दोपहर की बताई जा रही है। चोरों ने न्यायाधीश के सरकारी बंगले का मुख्य दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और चांदी की कटोरी-चम्मच समेत CCTV कैमरा उखाड़कर ले गए।

नौकर ने देखी बिखरी हालत

जब नौकर रोजाना की तरह बंगले पहुंचा तो दरवाजा खुला मिला। अंदर जाकर देखा तो सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। इसी पर उसने तुरंत थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने FIR दर्ज कर शुरू की जांच

गौरेला थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। आस-पास लगे CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और मोहल्ले में रहने वालों से पूछताछ की जा रही है।

VVIP कॉलोनी में चोरी से बढ़ी चिंता

सबसे बड़ी हैरानी की बात यह है कि यह घटना उस कॉलोनी में हुई है, जहां कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक का आवास भी स्थित है। ऐसी जगह पर दिनदहाड़े चोरी होने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

पुलिसिंग पर उठ रहे सवाल

इस वारदात ने साफ कर दिया है कि जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। जब VVIP कॉलोनी में स्थित न्यायाधीश का घर सुरक्षित नहीं है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा होता है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस को गश्त और निगरानी और मजबूत करनी होगी, वरना लोगों में असुरक्षा की भावना और गहरी होती जाएगी।