घूसखोरी में रंगे हाथ पकड़ा गया जिला पटवारी संघ का अध्यक्ष


खैरागढ़/ भ्रष्टाचार पर नकेल कसने के लिए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। खैरागढ़ में जिला पटवारी संघ के अध्यक्ष एवं पटवारी धर्मेंद्र कांडे को 9 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में हलचल मच गई है।
शिकायत पर हुई कार्रवाई
ग्राम डोकरा भाटा निवासी भागचंद कुर्रे अपने ज़मीन संबंधी कार्य के लिए कई दिनों से पटवारी धर्मेंद्र कांडे के पास जा रहे थे। आरोप है कि पटवारी ने शुरुआत में काम कराने के एवज में 10 हजार रुपये की मांग की थी। बाद में यह रकम 9 हजार रुपये पर तय हुई। पीड़ित ने इसकी सूचना एसीबी को दी और फिर जाल बिछाया गया।
कलेक्टर कार्यालय से दबोचा गया
एसीबी की योजना के तहत भागचंद कुर्रे ने बुधवार को आरोपी पटवारी को उसके कार्यालय में 9 हजार रुपये सौंपे। पैसे लेने के बाद धर्मेंद्र कांडे कलेक्टर कार्यालय की बैठक में चला गया। इसी दौरान एसीबी टीम ने दबिश देते हुए उसे रिश्वत की रकम सहित गिरफ्तार कर लिया।
संगठन की साख पर लगा दाग
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि धर्मेंद्र कांडे न केवल पटवारी है बल्कि जिला पटवारी संघ का अध्यक्ष भी है। जो संगठन अपने सदस्यों को ईमानदारी और पारदर्शिता का पाठ पढ़ाने का दावा करता है, उसी के मुखिया का रिश्वत लेते पकड़ा जाना प्रशासनिक तंत्र पर सवाल खड़े कर रहा है।





