धमतरी में खौफनाक वारदात: 67 वर्षीय प्रेमी ने 26 साल की प्रेमिका को उतारा मौत के घाट, मासूम बेटा भी घायल

धमतरी/ छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 67 साल के एक बुजुर्ग ने अपनी 26 वर्षीय प्रेमिका की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी। इस हमले में मृतिका का तीन साल का मासूम बेटा भी घायल हो गया। पुलिस ने घटना के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पोला त्योहार की रात हुआ खूनी कांड

मामला करेलीबड़ी चौकी क्षेत्र के ग्राम हसदा नंबर-1 का है। 23 अगस्त की रात करीब साढ़े आठ बजे पोला त्योहार के दिन यात्री प्रतीक्षालय के सामने गांव की पुष्पलता मरकाम (26) पर गांव के ही बुजुर्ग जगन्नाथ जांगड़े (67) ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।

ग्रामीणों ने दी पुलिस को सूचना, आरोपी गिरफ्तार

घटना के तुरंत बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने पुलिस को खबर दी। सूचना पाकर करेलीबड़ी चौकी प्रभारी राधेश्याम बंजारे, प्रधान आरक्षक हेमंत उइके, आरक्षक बलराम सिन्हा सहित टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इसी दौरान पुलिस ने आरोपी जगन्नाथ जांगड़े को आसपास के क्षेत्र से दबोच लिया।

पति जेल में, अकेले पल रही थी महिला

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मृतिका पुष्पलता का पति पिछले एक साल से जेल में है। वह अपने तीन साल के बेटे के साथ गांव में रह रही थी। घटना के बाद पुलिस ने शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया।

पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा

गिरफ्तार आरोपी जगन्नाथ जांगड़े ने पुलिस पूछताछ में हैरान कर देने वाली बात बताई। उसने कहा कि मृतिका के साथ उसका प्रेम संबंध था, लेकिन उसे शक था कि महिला का किसी और से भी संबंध है। इसी शक और गुस्से में उसने पुष्पलता पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।