मेडिकल बिल पास कराने 10 हजार की रिश्वत लेते बाबू गिरफ्तार

रायपुर/ भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी-ईओडब्ल्यू की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में एक बाबू को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया गया। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

शिक्षकों से करता था वसूली

सूत्रों के मुताबिक, आरोपी बाबू लंबे समय से शिक्षकों से रिश्वत लेता आ रहा था। मेडिकल बिल पास करने से लेकर अन्य जरूरी कार्यों में भी वह पैसों की डिमांड करता था। शिकायत है कि बिना पैसे दिए वह किसी का काम आगे नहीं बढ़ाता था।

शिकायत लेकर पहुंचे शिक्षक

अभनपुर पारागांव निवासी चंद्रहास निषाद, जो शासकीय स्कूल चांपाझार चंपारण में शिक्षक हैं, ने बताया कि उनके बच्चे की तबीयत खराब होने पर इलाज में डेढ़ लाख रुपए खर्च हुए। उन्होंने स्कूल में एक लाख रुपए का मेडिकल बिल लगाया था।

10 हजार की रिश्वत मांगते ही फंसा बाबू

इस मेडिकल बिल को पास कराने के लिए बाबू ने चंद्रहास से 10 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। लगातार हो रही वसूली से परेशान शिक्षक ने एसीबी में शिकायत कर दी। शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी की टीम ने जाल बिछाकर बाबू को रिश्वत लेते ही दबोच लिया।

कोर्ट ने भेजा जेल

गिरफ्तारी के बाद आरोपी बाबू को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। एसीबी अधिकारियों ने साफ कहा है कि भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।