भिलाई नगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई : गांजा तस्करी का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार

भिलाई/ ऑपरेशन विश्वास नशा मुक्ति अभियान के तहत भिलाई नगर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अवैध गांजा बेचने की तैयारी कर रहे दो युवकों को धर दबोचा और उनके पास से 1 किलो 150 ग्राम गांजा बरामद किया।

सेक्टर-07-08 चौक पर पकड़े गए आरोपी

17 अगस्त 2025 को थाना भिलाई नगर पुलिस को सूचना मिली थी कि राजनांदगांव से दो युवक स्कूटी में गांजा लेकर भिलाई पावर हाउस की ओर आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने सेक्टर-07-08 चौक, गैराज रोड पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया।इस दौरान स्कूटी क्रमांक CG 08 BD 7953 पर सवार दो संदिग्धों को रोका गया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम हेमंत बमभोले उर्फ भोला और अक्षत सिंडे बताया।

डिक्की से मिला गांजा

पुलिस ने जब स्कूटी की डिक्की की तलाशी ली तो उसमें रखे कपड़े के झोले से 1 किलो 150 ग्राम अवैध गांजा मिला। पुलिस ने तत्काल गांजा और स्कूटी को जब्त कर लिया।

एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई

दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 432/2025 दर्ज किया गया है। उनके विरुद्ध धारा 20(ख), 27(क) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर गिरफ्तार किया गया। दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपी

  1. हेमंत बमभोले उर्फ भोला – निवासी कमला कॉलेज रोड, जीवन कॉलोनी, पाताल भैरवी मंदिर के पीछे, राजनांदगांव।
  2. अक्षत सिंडे – निवासी वार्ड क्रमांक 13, स्टेशन रोड, थाना चिखली, जिला राजनांदगांव।

पुलिस का सख्त रुख

दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऑपरेशन विश्वास नशा मुक्ति अभियान के तहत ऐसे अपराधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।