शादी का झांसा देकर शोषण का आरोप, डिप्टी कलेक्टर पर एफआईआर से मचा हड़कंप


बालोद जिले से सनसनी
बालोद/ जिले से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है। डौंडी थाना में बीजापुर में पदस्थ डिप्टी कलेक्टर दिलीप उइके के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज हुआ है। मामला सामने आते ही प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।
महिला आरक्षक ने दर्ज कराई रिपोर्ट
डौंडी थाने में पदस्थ सीएएफ की एक महिला आरक्षक ने गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत की है। महिला का कहना है कि डिप्टी कलेक्टर ने शादी का झांसा देकर लगभग एक साल तक उसका शारीरिक शोषण किया। लेकिन जब उन्होंने शादी करने से साफ इनकार कर दिया, तो पीड़िता सीधे थाने पहुंच गई और रिपोर्ट दर्ज करा दी।
पुलिस कार्रवाई तेज
महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर लिया है। अब कयास लगाए जा रहे हैं कि पुलिस कभी भी आरोपी डिप्टी कलेक्टर को गिरफ्तार कर सकती है। फिलहाल डौंडी पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
एएसपी की पुष्टि
एएसपी बालोद मोनिका ठाकुर ने जानकारी देते हुए कहा कि पीड़िता ने डौंडी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के मुताबिक आरोपी सरकारी कर्मचारी ने शादी का झांसा देकर एक साल से शारीरिक संबंध बनाए। इस पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आगे जांच की जा रही है।
पहले भी रहे विवादों में
डिप्टी कलेक्टर दिलीप उइके पिता रतन लाल उइके मूलतः डौंडी ब्लॉक के ग्राम अवारी के रहने वाले हैं। वर्तमान में वे बीजापुर जिले में पदस्थ हैं। तीन माह पहले बीजापुर कलेक्टर ने उन्हें भोपालपटनम जनपद के प्रभारी सीईओ पद से हटा दिया था। तकरीबन डेढ़ वर्ष तक वे भोपालपटनम सीईओ रहे और इस दौरान कई विवादों में भी घिरे रहे।




