खेलों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण ही क्रीड़ा भारती का उद्देश्य: मिलिंद डांगे


दुर्ग/ खिलाड़ियों और खेलों को समर्पित राष्ट्रव्यापी संगठन क्रीड़ा भारती की आवश्यक बैठक दुर्ग में आयोजित की गई, जिसमें संगठन के भावी कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में क्रीड़ा भारती के राष्ट्रीय कोष प्रमुख मिलिंद डांगे विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में खिलाड़ी, कोच, खेल संगठनों के प्रतिनिधि एवं क्रीड़ा भारती के पदाधिकारी शामिल हुए।राष्ट्रीय कोष प्रमुख मिलिंद डांगे ने कहा कि क्रीड़ा भारती केवल खेल और खिलाड़ियों तक सीमित न रहकर पूरे समाज के स्वास्थ्य और जागरूकता के लिए कार्यरत है। उन्होंने कहा, “स्वस्थ नागरिक ही एक मजबूत राष्ट्र की नींव होते हैं और खेलों के माध्यम से समाज को स्वास्थ्य, अनुशासन और आत्मबल प्राप्त होता है।”

उन्होंने जानकारी दी कि राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 29 अगस्त को मेजर ध्यानचंद की जयंती विशेष रूप से मनाई जाएगी। इस उपलक्ष्य में ‘क्रीड़ा ज्ञान प्रतियोगिता’ का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसका ऑनलाइन पंजीकरण प्रारंभ हो चुका है। यह प्रतियोगिता 14 सितंबर को आयोजित की जाएगी। डांगे ने आह्वान किया कि सभी सदस्य स्कूलों और कॉलेजों में जाकर विद्यार्थियों को इस प्रतियोगिता के लिए प्रेरित करें, जिससे खेलों के प्रति जागरूकता और रुचि का संचार हो।इसके साथ ही उन्होंने बताया कि वर्ष 2036 के ओलंपिक में कबड्डी को शामिल कराने के लिए क्रीड़ा भारती देशभर में इस पारंपरिक खेल का व्यापक प्रचार-प्रसार कर रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय परिवेश से जुड़े खेलों को बढ़ावा देना संगठन की प्राथमिकता है।

“खेल प्रतियोगिताएं स्वस्थ वातावरण में हों, डोपिंग मुक्त हों और खेलों के माध्यम से देश का विकास हो – यही क्रीड़ा भारती की सक्रियता का मूल उद्देश्य है,” डांगे ने कहा।बैठक को क्रीड़ा भारती के प्रांत अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय बॉडी बिल्डिंग निर्णायक संजय शर्मा ने भी संबोधित किया। उन्होंने बताया कि संगठन 1992 से निरंतर कार्य कर रहा है और ‘जीजामाता सम्मान’ जैसे आयोजनों के माध्यम से खिलाड़ियों की माताओं को सम्मानित करता आया है। उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य है कि हर आयु वर्ग के लोग खेलों से जुड़ें और मैदान तक पहुंचें।”

बैठक में मंच पर प्रांत मंत्री सुमित उपाध्याय, प्रांत संगठन मंत्री कौशलेंद्र पटेल और विभाग संयोजक विनोद नायर उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन बालक दास डाहरे ने किया।बैठक में विशेष रूप से उपस्थित लोगों में –

अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी संगीता राजगोपालन,
असिस्टेंट डायरेक्टर खेल कल्पना स्वामी,
विभाग सह संयोजक डॉ. सुनील साहू, राजेन्द्र पाध्ये, उपाध्यक्ष आरती शुक्ला, जिला मंत्री महेश यादव, वॉलीबॉल कोच पूनम मिश्रा, पीटीआई संध्या दुबे, किशन कुमार साहू, उत्तम कुमार बौद्ध, हितेश कुमार साहू, एथलेटिक्स प्रशिक्षक महावीर सपहा, सुरेश कुमार कोसरिया, मीना साहू, नितेश सिंह, विशालदीप नायर, प्रमोद वाघ,
एम. वेणुगोपाल राव, रमेश कुमार दुबे, डोमेन्द्र निषाद, रामगोपाल यादव, दुष्यंत देशलहरे सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।