आश्रम में पढ़ रही छात्रा से दुष्कर्म का खुलासा, त्वरित प्रशासनिक कार्रवाई

नारायणपुर/ओरछा: ओरछा विकासखंड स्थित एक आश्रम में अध्ययनरत छात्रा के साथ दुष्कर्म के मामले में प्रशासन और पुलिस ने त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई करते हुए जांच और कानूनी प्रक्रिया आरंभ कर दी है। यह मामला तब सामने आया जब छात्रा जून 2025 के अंतिम सप्ताह में ग्रीष्मावकाश के बाद आश्रम लौटी।छात्रा के व्यवहार में अचानक आए बदलाव को देख आश्रम प्रबंधन ने उससे बातचीत की। पूछताछ के बाद छात्रा को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा गया, जहां उसके गर्भवती होने की पुष्टि हुई।

इस संबंध में सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, छात्रा की स्थिति को देखते हुए आश्रम प्रबंधन ने उच्च अधिकारियों को तत्काल सूचित किया। मामले की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए विभाग द्वारा एक विशेष जांच समिति गठित की गई, जिसने छात्रा से विस्तृत पूछताछ की।छात्रा ने जांच समिति को बताया कि ग्रीष्मावकाश के दौरान उसके गृहग्राम में एक परिचित युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। इस बयान के आधार पर पीड़िता और परिजनों की सहमति से पुलिस थाना में पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की विवेचना की जा रही है। प्रशासनिक तंत्र की तत्परता और समन्वय ने स्पष्ट संदेश दिया है कि महिलाओं और बालिकाओं के खिलाफ ऐसे अपराधों में कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।